UP के चंदौली में मुकेश सहनी का भव्य स्वागत: उमड़ा जनसैलाब, कार्यकर्ताओं ने PM की 'ईंधन बचत' अपील का जताया विरोध

VIP के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी का यूपी में जनाधार बढ़ रहा है। यूपी के चंदौली जनपद पहुंचे मुकेश सहनी का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरा इलाका 'सन ऑफ मल्लाह' के नारों से गूंज उठा...

UP के चंदौली में मुकेश सहनी का भव्य स्वागत: उमड़ा जनसैलाब, क
UP के चंदौली में मुकेश सहनी का भव्य स्वागत- फोटो : देवांशु प्रभात

UP/Patna : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सहनी के स्वागत में हजारों की संख्या में समर्थक सड़कों पर उतर आए, जिससे पूरा इलाका 'सन ऑफ मल्लाह' के नारों से गूंज उठा। इस दौरान निकाली गई विशाल बाइक रैली ने न केवल वीआईपी पार्टी की सांगठनिक शक्ति का प्रदर्शन किया, बल्कि आगामी राजनीतिक बदलाव के संकेत भी दिए।


पिछड़ों और दलितों के हक की लड़ाई रहेगी जारी: सहनी 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने केंद्र और राज्य की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलितों और गरीबों की आवाज को दबाने की सुनियोजित कोशिश हो रही है। सहनी ने हुंकार भरते हुए कहा कि उनकी पार्टी समाज के हर कमजोर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ताओं के इसी जोश के दम पर आने वाले समय में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन सुनिश्चित है।


ईंधन संरक्षण की अपील पर भड़का कार्यकर्ताओं का गुस्सा 

कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल बचाने की हालिया अपील का पुरजोर विरोध किया। रैली में शामिल युवाओं और पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि एक तरफ महंगाई आसमान छू रही है और दूसरी तरफ सरकार जनता से ही त्याग की उम्मीद कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे आम आदमी की जेब पर प्रहार बताया।


महंगाई के बीच केवल अपील काफी नहीं: वीआईपी प्रमुख 

मुकेश सहनी ने प्रधानमंत्री की अपील पर तंज कसते हुए कहा कि जब हर आवश्यक वस्तु के दाम बढ़ रहे हैं, तो केवल बचत की नसीहत देना जनता के साथ मजाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि हाल के चुनावों के दौरान जब नेताओं के काफिले और संसाधनों का बेतहाशा इस्तेमाल हो रहा था, तब यह 'बचत' का ज्ञान कहाँ था? सहनी ने स्पष्ट किया कि जनता अब खोखली अपीलों के बजाय ठोस समाधान और महंगाई से राहत की मांग कर रही है।


गांव-गांव तक विचारधारा पहुंचाने का संकल्प 

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में वीआईपी का जनाधार तेजी से फैल रहा है और लोग सामाजिक न्याय की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर मुकेश सहनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव और टोले में जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं। इस दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि मुकेश सहनी अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाकर सामाजिक समीकरणों को नया मोड़ देने की तैयारी में हैं।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट