70वीं BPSC परीक्षा में मोकामा का जलवा: आयुष बिजॉय ने पूरे बिहार में हासिल किया तीसरा स्थान, क्षेत्र के कई अन्य युवाओं ने भी मारी बाजी

70वीं BPSC परीक्षा में मोकामा के युवाओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। मोकामा के मोलदियार टोला निवासी आयुष बिजॉय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 592 अंकों के साथ पूरे बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया..

70वीं BPSC परीक्षा में मोकामा का जलवा: आयुष बिजॉय ने पूरे बि
70वीं BPSC परीक्षा में मोकामा का जलवा- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा जारी किए गए 70वें संयुक्त परीक्षा परिणाम में पटना जिले के मोकामा क्षेत्र के युवाओं ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में मोकामा के होनहारों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मुख्य रूप से मोकामा नगर के मोलदियार टोला (वार्ड संख्या 10) के रहने वाले आयुष बिजॉय ने सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में तीसरा (Rank 3) स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।


कांटे के मुकाबले में मिला तीसरा स्थान

जारी नतीजों के अनुसार, मेधावी आयुष बिजॉय ने मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार को मिलाकर कुल 592 अंक हासिल किए हैं। इस परीक्षा में एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला, जहां दूसरे स्थान पर रहे छपरा के शशांक गौरव को भी कुल 592 अंक ही प्राप्त हुए थे। हालांकि, आयोग के नियमों के मुताबिक निबंध (Essay) के विषय में अधिक अंक होने के कारण शशांक गौरव को मेरिट लिस्ट में दूसरा स्थान मिला, जबकि मामूली अंतर से आयुष बिजॉय को राज्यभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।


गौरवशाली रहा है परिवार का इतिहास

बिहार टॉपरों में अपनी जगह बनाने वाले आयुष बिजॉय एक प्रतिष्ठित और प्रबुद्ध परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता विजय शंकर हैं, जिन्होंने अपने बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। इसके अलावा, आयुष के चाचा आनंद शंकर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी और बिहार के पूर्व डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) रह चुके हैं। आयुष की इस बड़ी उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे मोकामा अनुमंडल में उत्सव जैसा माहौल है।


मोकामा, औंटा और शिवनार के इन लाल-बहू ने भी मारी बाजी

70वीं BPSC परीक्षा में सफलता की यह कहानी सिर्फ आयुष तक सीमित नहीं रही, बल्कि मोकामा और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी कई अन्य अभ्यर्थियों ने इसमें सफलता के झंडे गाड़े हैं। मोकामा वार्ड संख्या 2 निवासी अंकुरमणि, औंटा गांव के आशुतोष कुमार, शिवनार गांव के लाल अनमोल कुमार और शिवनार की बहू निशा कुमारी ने भी इस कठिन परीक्षा को उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह पक्की की है। इन सभी की सफलता से संबंधित गांवों में मिठाइयां बांटी जा रही हैं।


भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी सफलता

एक साथ इतने स्थानीय युवाओं की सफलता ने पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का संचार किया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने सभी सफल अभ्यर्थियों के घर पहुंचकर उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। आयुष के पिता विजय शंकर ने इस गौरवमयी क्षण पर कहा कि मोकामा के इन प्रतिभावान युवाओं की यह शानदार उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महान प्रेरणा स्रोत बनेगी और इससे क्षेत्र के अन्य बच्चों में भी आगे बढ़ने का हौसला पैदा होगा।