Bihar Crime : पटना के बेलछी में खौफनाक वारदात, बदमाशों ने 10 साल की मासूम की गला रेतकर की हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में

Bihar Crime : पटना में बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना अंतर्गत लाखचक में 10 वर्षीय मौसमी कुमारी की हंसुआ से गला काट कर हत्या कर दी गई है। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : पटना के बेलछी में खौफनाक वारदात, बदमाशों ने 10
मासूम की हत्या - फोटो : RAVISHANKAR

PATNA : जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र के लाखचक गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 10 वर्ष की मासूम बच्ची मौसमी कुमारी की हंसिया से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद से गांव में मातम और भारी दहशत का माहौल व्याप्त है।

घास काटने खेत गई थी मासूम

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मौसमी कुमारी हर रोज की तरह अपने घर के पास खेत में मवेशियों के लिए घास काटने गई हुई थी। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और वे उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच ग्रामीणों से सूचना मिली कि खेत में बच्ची का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बेलछी थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों संदिग्धों को हिरासत में रखकर कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की मुख्य वजह और इसमें शामिल अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।

इलाके में तनाव, इंसाफ की मांग

10 साल की बच्ची की इस निर्मम हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्यारों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।