डिप्टी सीएम के साथ अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं की मुलाकात, विजय चौधरी बोले— 'NDA के प्रति अल्पसंख्यक समुदाय बढ़ा है रुझान'

Bihar Politics : जदयू एमएलसी खालिद अनवर के आवास पर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रबुद्ध लोगों और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के बीच एक अहम मुलाकात हुई। इस बातचीत के बाद उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज का एनडीए के प्रति रुझान तेजी से बढ़ा है ...

डिप्टी सीएम के साथ अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं की मुलाकात, व
अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं से मिले डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार विधान परिषद में जदयू के वरिष्ठ सदस्य खालिद अनवर के सरकारी आवास पर आज पूरे बिहार से आए अल्पसंख्यक समुदाय के प्रमुख लोगों की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विधान पार्षद खालिद अनवर मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों और सरकार के शीर्ष नेतृत्व के बीच विभिन्न समसामयिक और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई।


'अब बड़े की नहींकाम करने वालों की होगी राजनीति'

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने साफ किया कि यह कोई औपचारिक राजनीतिक मीटिंग नहीं थी, बल्कि अल्पसंख्यक समुदाय के प्रबुद्ध लोगों के साथ एक सौहार्दपूर्ण संवाद था। उन्होंने बताया कि समाज के लोगों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे अब 'बड़े की राजनीति' (दिखावे की राजनीति) नहीं करेंगे। अल्पसंख्यक समुदाय का संकल्प है कि जो उनके विकास और हक के लिए धरातल पर काम करेगा, वे आगामी समय में उसी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।


एनडीए सरकार के कार्यों पर जताया संतोष

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने अल्पसंख्यक समुदाय के बदलते रुख का स्वागत करते हुए कहा कि यह बेहद खुशी और संतोष की बात है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रति इस वर्ग का रुझान बहुत तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने हमेशा से अल्पसंख्यक कल्याण और उनके उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। समुदाय के लोगों ने भी सरकार के इन सकारात्मक प्रयासों और विकास योजनाओं के प्रति अपनी संतुष्टि जाहिर की है।


आनंद मोहन के बयान पर साधी चुप्पी

वहीं जब पत्रकारों ने उपमुख्यमंत्री से पूर्व सांसद आनंद मोहन द्वारा दिए गए एक विवादित बयान को लेकर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने इस पर पूरी तरह चुप्पी साध ली। डिप्टी सीएम ने इस सवाल को टालते हुए लगातार चार बार दोहराया, "हमने उनका बयान नहीं देखा है।" इस संवेदनशील राजनीतिक बयानबाजी पर सीधे तौर पर कुछ भी बोलने से बचते हुए उन्होंने इस मामले से खुद को पूरी तरह अलग रखा।


रोजगार और पलायन पर सीएम सम्राट चौधरी के बयान का समर्थन

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बिहार से बाहर गए प्रवासियों को वापस बुलाने के बयान पर विजय चौधरी ने उनका पूरा समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी ने बिल्कुल सही बात कही है। राज्य में जैसे-जैसे उद्योगों का जाल बिछेगा और नए निवेश आएंगे, वैसे-वैसे बिहार के युवाओं को यहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। जब राज्य में ही भरपूर काम उपलब्ध होगा, तो बाहर गए लोगों को रोजगार के लिए वापस बिहार आना ही पड़ेगा।


रंजन की रिपोर्ट