Bihar Politics : मंत्री दीपक प्रकाश बने एमएलसी, राज्यपाल ने जारी किया नोटिफिकेशन

Bihar Politics :

Bihar Politics : मंत्री दीपक प्रकाश बने एमएलसी, राज्यपाल ने

PATNA :बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की कुर्सी पर मंडरा रहा संवैधानिक संकट अब पूरी तरह टल गया है। राज्यपाल द्वारा उन्हें बिहार विधान परिषद (एमएलसी) का सदस्य मनोनीत कर दिए जाने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। राजभवन की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के बाद दीपक प्रकाश अब विधान परिषद के सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।  

दरअसल, बिना किसी सदन (विधानसभा या विधान परिषद) का सदस्य बने मंत्री पद पर बने रहने की 6 महीने की संवैधानिक समयसीमा खत्म होने को लेकर विपक्ष लगातार उन पर हमलावर था। मामला तूल पकड़ने पर सुप्रीम कोर्ट ने भी उनके मंत्री पद पर बने रहने की वैधता पर गंभीर टिप्पणी करते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया था। कानूनी व संवैधानिक संकट को देखते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कदम उठाने का फैसला लिया।   

संवैधानिक गतिरोध को दूर करने के लिए विधान पार्षद देवेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राज्यपाल ने देवेश कुमार द्वारा खाली की गई सीट पर दीपक प्रकाश को विधान परिषद के लिए मनोनीत कर दिया।

इस मनोनयन के साथ ही मंत्री पद की पात्रता को लेकर उठ रहे सभी राजनीतिक और कानूनी सवालों पर पूर्णविराम लग गया है। हालांकि, देवेश कुमार के शेष बचे कार्यकाल के अनुसार विधान पार्षद के रूप में दीपक प्रकाश का यह कार्यकाल मार्च 2027 तक ही रहेगा।