वैशाली में पंचायती के दौरान खूनी संघर्ष: बदमाशों ने की 8 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग, गाय बांध रहे युवक को लगी गोली
वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र घरेलू विवाद को लेकर बैठी पंचायत में आए बेखौफ बदमाशों ने करीब आठ राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. इस घटना में एक बेकसूर युवक को गोली लगी है...
Vaishali : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत के नगरगावा गांव में शुक्रवार की शाम करीब 7:15 बजे एक पंचायती के दौरान अचानक खूनी संघर्ष और अंधाधुंध गोलीबारी की वारदात सामने आई है. यहाँ घरेलू विवाद को लेकर बैठी पंचायत में आए बेखौफ बदमाशों ने अचानक हथियार निकालकर करीब आठ राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. इस अंधाधुंध गोलीबारी की चपेट में आने से दरवाजे पर मौजूद एक बेकसूर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
दरवाजे पर गाय बांध रहे रणधीर को लगी गोली, हालत नाजुक
गोलीबारी की इस हिंसक वारदात में घायल युवक की पहचान नगरगावा निवासी रंधीर कुमार के रूप में की गई है. अपराधियों द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली सीधे रणधीर के बाएं जांघ में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के संबंध में सुधीर ने बताया कि पीड़ित रणधीर अपने घर के दरवाजे पर मवेशी (गाय) बांध रहा था. उसी दौरान अचानक अंधाधुंध गोलियां चलने लगीं और जब तक वह कुछ समझ पाता या अपनी जान बचाकर भागता, एक गोली उसे लग गई.
माता-पिता से मारपीट को लेकर बुलाई गई थी समाज की पंचायत
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरी खूनी वारदात की पटकथा एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी हुई थी. गांव के ही सोनू कुमार और कलपू कुमार नामक दो सगे भाई अक्सर अपने ही बूढ़े माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट और गाली-गलौज किया करते थे. भाइयों की इस प्रताड़ना और करतूत से तंग आकर उनके भाई कृपाली राय ने गांव के प्रबुद्ध लोगों को इकट्ठा कर इस मामले को सुलझाने के लिए अपने घर पर एक पंचायत बुलाई थी.
विरोध करने पर पिस्टल और राइफल से बरसाईं गोलियां
शाम को जब पंचायत की कार्यवाही चल रही थी, तभी दोनों आरोपी भाई सोनू कुमार और कलपू कुमार अपने एक अन्य साथी अजीत कुमार उर्फ ढेला राय के साथ वहां धमक पड़े. पंचायत में अपनी गलती मानने के बजाय ये तीनों वहां मौजूद पंचों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही उलझ गए और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे. जब पंचायत में आए लोगों ने इस बदतमीजी का कड़ा विरोध किया, तो तैश में आकर तीनों बदमाशों ने अपने पास रखे अवैध पिस्टल और राइफल को निकाल लिया और लोगों पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी.
करीब 8 राउंड फायरिंग से गांव में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
हथियारों से लैस बदमाशों द्वारा करीब आठ राउंड हवाई और सीधी फायरिंग किए जाने से पूरी पंचायत में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नामजद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही राघोपुर के थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी तेज
मामले की जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका समुचित इलाज कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम को घटनास्थल पर कैंप करने और साक्ष्य जुटाने के लिए भेजा गया है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चल रहे आरोपियों (सोनू, कलपू और अजीत) की त्वरित गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
रिषभ की रिपोर्ट