बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा बयान: 'एनडीए सरकार ने जंगलराज से सुशासन और अब समृद्धि की ओर बढ़ाया प्रदेश'

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में एनडीए की सरकार ने 'जंगलराज' से सुशासन और अब सुशासन से समृद्धि की ओर प्रदेश को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है....

बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा बयान: 'एनडीए
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा बयान- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने कहा है कि राज्य में एनडीए की सरकार ने 'जंगलराज' से सुशासन और अब सुशासन से समृद्धि की ओर प्रदेश को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। रविवार को बेगूसराय के बलिया स्थित विवेक हॉल में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी सर्वेश कुमार के समर्थन में आयोजित एनडीए की विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने यह बातें कहीं। उन्होंने मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता का मत देकर भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।


विकास की उपलब्धियां जनता के सामने, विपक्ष रच रहा झूठा नैरेटिव: संजय सरावगी

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से बिहार में आधारभूत संरचनाओं का अभूतपूर्व विकास हुआ है, सड़कों का जाल बिछा है तथा शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज पटना से बेगूसराय की दूरी मात्र डेढ़ घंटे में तय हो जाती है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण का जिक्र करते हुए उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए दिए गए 10 प्रतिशत आरक्षण को सामाजिक न्याय की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या वर्ष 2005 के लगभग 4 लाख से बढ़कर अब करीब 26 लाख तक पहुंच गई है।


दिनकर विश्वविद्यालय के निर्माण और औद्योगिक विकास का किया जिक्र

संजय सरावगी ने बेगूसराय की लंबे समय से लंबित मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने का कैबिनेट का निर्णय स्थानीय छात्रों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में प्लस टू उच्च विद्यालय खुलने से ग्रामीण इलाकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए सरावगी ने कहा कि विपक्षी दल विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए केवल झूठे नैरेटिव गढ़ रहे हैं। उन्होंने संवैधानिक पद पर बैठे लोगों के खिलाफ की जाने वाली अमर्यादित और हिंसक टिप्पणियों की कड़ी निंदा की।


कार्यकर्ताओं से अंतिम चार दिनों में पूरी ताकत झोंकने की अपील

चुनाव के बचे हुए दिनों की महत्ता को रेखांकित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने एनडीए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे चुनाव के अंतिम चार दिनों में पूरी ऊर्जा के साथ घर-घर संपर्क करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन कम से कम 50 मतदाता परिवारों तक पहुंचें, जबकि मंच पर मौजूद नेताओं से प्रतिदिन 100 परिवारों से संपर्क साधकर एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल मजबूत करने का आग्रह किया।


केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी, गन्ना मंत्री संजय पासवान, विधायक कुंदन कुमार सहित एनडीए के तमाम घटक दलों के जिलास्तरीय नेता, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में शिक्षक व स्नातक मतदाता उपस्थित रहे। इससे पहले बेगूसराय पहुंचने पर दिनकर अतिथि गृह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। बेगूसराय रवाना होने से पूर्व संजय सरावगी ने मोकामा में भाजपा नेता नलिनी रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह की दिवंगत माता मुन्नी देवी के श्राद्धकर्म में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मोकामा व बाढ़ क्षेत्र में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की।


नरोत्तम की रिपोर्ट