गया जंक्शन पर रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंगरौली एक्सप्रेस से 172 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

गया जंक्शन पर रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंगरौली एक्सप्रेस
गया जंक्शन से चार शराब तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस अधीक्षक (रेल) पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल थाना गया को बड़ी सफलता मिली है। रेल पुलिस की सजगता से जंक्शन पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


सिंगरौली एक्सप्रेस के AC कोच से उतरे थे आरोपी 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सिंगरौली एक्सप्रेस के एसी कोच से उतरकर चार व्यक्ति प्लेटफॉर्म संख्या 07 स्थित ओवर ब्रिज के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। पुलिस बल को देखते ही वे तेजी से निकलने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद जवानों ने संदेह होने पर उन्हें तुरंत रोककर पूछताछ की।


बैग और झोलों की तलाशी में मिली अवैध शराब 

हिरासत में लिए गए चारों व्यक्तियों के पास मौजूद ट्रॉली बैग, पिट्ठू बैग और झोलों की जब सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। बैगों में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 172.26 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे बिहार में खपाने की योजना बनाई गई थी।


गिरफ्तार चारों तस्कर अरवल जिले के निवासी 

शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अरवल जिले के निवासी विशाल कुमार, हेमंत कुमार, सागर कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। यह गिरोह ट्रेन के जरिए शराब की खेप लाकर स्थानीय इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था।


उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज, भेजे गए जेल 

मामले की पुष्टि करते हुए रेल पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रेल थाना गया में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


रंजीत की रिपोर्ट