पटना SSP की बड़ी कार्रवाई: रानीतालाब के तत्कालीन थानाध्यक्ष और सिपाही निलंबित

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने रानीतालाब थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार और सिपाही संतोष कुमार को घोर लापरवाही और आदेशों की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Major action by Patna SSP
पटना SSP की बड़ी कार्रवाई- फोटो : news 4 nation

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए एक कड़ा कदम उठाते हुए रानीतालाब थाना के दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस जिलादेश संख्या 3646/2026 के तहत तत्कालीन थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार और सिपाही संख्या 5056 संतोष कुमार पर निलंबन की गाज गिरी है. नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना की रिपोर्ट के आधार पर इन दोनों के विरुद्ध कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानापन और संदिग्ध आचरण जैसे गंभीर आरोप पाए गए हैं.


स्थानांतरण के बावजूद थाने में डटे रहने का मामला 

मामले का मुख्य कारण सिपाही संतोष कुमार का तबादला होने के बावजूद उसे नई जगह के लिए विरमित (Relieve) न करना है. रिपोर्ट के अनुसार, वरीय पदाधिकारियों द्वारा सिपाही का स्थानांतरण दूसरे प्रतिष्ठान में कर दिया गया था और इसकी लिखित व दूरभाषीय सूचना भी दी गई थी. इसके बावजूद, तत्कालीन थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने उन्हें योगदान हेतु आदेशित नहीं किया और सिपाही अनाधिकृत रूप से रानीतालाब थाना में ही बना रहा, जिसे वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना माना गया है.


वीडियो साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की जाँच

 SSP ने इस मामले में गहराई से जाँच के आदेश भी दिए हैं. वर्तमान थानाध्यक्ष, रानीतालाब थाना को विशेष निर्देश दिया गया है कि वे उक्त अवधि के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो को सुरक्षित (Preserve) रखें. इन वीडियो का विश्लेषण कर सिपाही संतोष कुमार की गतिविधियों पर एक विस्तृत प्रतिवेदन विभाग को सौंपने को कहा गया है, ताकि आरोपों की पुष्टि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जा सके.


पुलिस केंद्र पटना बना निलंबन मुख्यालय 

निलंबन की अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों का मुख्यालय 'पुलिस केन्द्र, पटना' निर्धारित किया गया है. आदेश के अनुसार, इन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर रखा गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इस आदेश (ज्ञापांक 5077/गो०) की प्रतिलिपि नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पालीगंज-02) और लेखा शाखा सहित कुल सात संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है.