बेली रोड ओवर ब्रिज पर टला बड़ा हादसा : पिकअप को बचाने के चक्कर में दूसरे लेन में पहुंची तेज रफ्तार बस, बाल-बाल बचे यात्री

राजधानी पटना के बेली रोड स्थित राजा बाजार ओवरब्रिज पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब पटना से दानापुर को जा रही एक बस अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में जा घुसी...

बेली रोड ओवर ब्रिज पर टला बड़ा हादसा : पिकअप को बचाने के चक्
बेली रोड ओवर ब्रिज पर टला बड़ा हादसा- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के बेली रोड स्थित राजा बाजार ओवरब्रिज पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब पटना से दानापुर को जा रही एक बस अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में जा घुसी। ओवरब्रिज पर पहले से किसी कारण से रुकी हुई एक पिकअप गाड़ी को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना घटी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।


स्टेयरिंग फेल होने और पिकअप को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

एयरपोर्ट यातायात ओपी प्रभारी एसआई मनमोहन शरण ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पटना की ओर से दानापुर की ओर जा रही बस की अचानक स्टेयरिंग फेल हो गई थी। इसी दौरान ओवरब्रिज पर खड़ी पिकअप को बचाने के चक्कर में चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस दूसरे लेन में जा पहुंचा।


यात्रियों को आईं हल्की चोटें, सभी सुरक्षित घर रवाना

हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर नुकसान नहीं पहुँचा। हादसे के दौरान यात्रियों को केवल हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और लोग प्राथमिक उपचार के बाद अपने-अपने घर की ओर रवाना हो गए।


दुर्घटना के कारण ओवरब्रिज पर लगा भीषण जाम

इस हादसे के तुरंत बाद राजा बाजार ओवरब्रिज पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ घंटों तक लगातार भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के बीचों-बीच वाहन के आ जाने के कारण दोनों तरफ आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।


ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा के निर्देश पर यातायात हुआ सामान्य

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा और स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। मौके पर तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिसके बाद जाम को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से सामान्य कर दिया गया।


रंजीत की रिपोर्ट