Bihar News : बेतिया में बुजुर्ग महिला की बदमाशों ने की गला रेतकर निर्मम हत्या, कटी उंगलियां सिर के पास मिलीं, इलाके में फैली सनसनी
Bihar News : बेतिया कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहर नगर वार्ड-5 स्थित नोनिया टोली में बुधवार की अहले सुबह एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई........पढ़िए आगे
BETTIAH : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित कालीबाग थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। हरिहर नगर वार्ड नंबर 5 स्थित नोनिया टोली में बुधवार तड़के एक 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बच्ची देवी (पति स्व. काशी महतो) के रूप में की गई है। उनका शव घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ दो मंजिला पक्के मकान में रहती थीं। मकान में कुल पांच कमरे हैं, जिनमें उनके चार बेटों के परिवार रहते हैं। घटना की रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। मृतका के साथ कमरे में उनकी तीसरे नंबर की बहू अंजू देवी और पोती स्वीटी कुमारी भी सोई हुई थीं और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
घटना का खुलासा बुधवार सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बहू अंजू देवी ने आवाज देकर अपनी देवरानियों पूजा देवी और सुमन देवी को बुलाया और बताया कि मां के साथ कुछ अप्रिय घटना घटी है। सूचना मिलते ही परिजन जब कमरे के भीतर पहुंचे और मृतका के चेहरे से कपड़ा हटाया, तो नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। बच्ची देवी का गला रेता हुआ था और उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
हत्या का तरीका बेहद खौफनाक था; मृतका के बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी हुई थीं और उन कटी हुई उंगलियों को उनके सिर के पास रखा गया था। इसके अलावा उनके दाएं हाथ पर भी जख्म के गहरे निशान पाए गए हैं। बंद कमरे के भीतर इस तरह की नृशंस हत्या की घटना सामने आने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कालीबाग थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बंद कमरे के भीतर हुई इस अजीबोगरीब और खौफनाक वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।
आशीष की रिपोर्ट