Bihar Governor: बिहार को मिलने जा रहा नया राजभवन प्रमुख, 13 मार्च को लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन लेंगे राज्यपाल पद की शपथ!
Bihar Governor:रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन 12 मार्च को पटना पहुंच सकते हैं और 13 मार्च को औपचारिक रूप से बिहार के नए राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण कर सकते हैं।..
Bihar Governor: बिहार की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक बड़ी हलचल की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक राज्य को जल्द ही नया राज्यपाल मिलने वाला है। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन 12 मार्च को पटना पहुंच सकते हैं और 13 मार्च को औपचारिक रूप से बिहार के नए राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण कर सकते हैं।
मौजूदा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद की जगह अब सैयद अता हसनैन को बिहार की संवैधानिक जिम्मेदारी संभालेंगे। राजभवन में होने वाला यह बदलाव राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नए राज्यपाल को पद और गोपनीयता की शपथ पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दिलाएंगे। फिलहाल पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू हैं, जो इस संवैधानिक प्रक्रिया को पूरा कराएंगे।
बताया जा रहा है कि 12 मार्च को पटना पहुंचने के बाद सैयद अता हसनैन राजभवन में जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करेंगे और अगले दिन यानी 13 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रह सकते हैं।
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते रहे हैं। सेना में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं और रणनीतिक मामलों में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। अब अगर उन्हें बिहार का राज्यपाल बनाया जाता है, तो यह एक नई प्रशासनिक पारी की शुरुआत होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बिहार जैसे बड़े और संवेदनशील राज्य में राज्यपाल की भूमिका काफी अहम होती है। ऐसे में नए राज्यपाल के आगमन को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।अब सबकी निगाहें 12 और 13 मार्च पर टिक गई हैं, जब पटना के राजभवन में एक नई संवैधानिक शुरुआत की तस्वीर सामने आ सकती है।
रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह