धनकुबेर निकला बीडीओ, तीन जिलो में मिली लाखों की संपत्ति का हुआ खुलासा, कई दस्तावेज भी जब्त

सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के विकास पदाधिकारी (BDO) श्री कृष्णा राम के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ब्यूरो की चार टीमों ने पटना, सीतामढ़ी और पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) स्थित उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है ।

धनकुबेर निकला बीडीओ, तीन जिलो में मिली लाखों की संपत्ति का ह

Patna - बिहार सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी इकाई, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना ने 07 मार्च 2026 को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है । ब्यूरो ने सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के विकास पदाधिकारी (BDO) श्री कृष्णा राम के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी 。 इसी प्राथमिकी (कांड संख्या-29/26) के आधार पर आज उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया 

79 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति का अनुमान 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा की गई गणना के अनुसार, BDO कृष्णा राम ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से लगभग 59.8% अधिक संपत्ति अर्जित की है । आंकड़ों में यह राशि लगभग 79,56,640/- रुपये (उनासी लाख छप्पन हजार छः सौ चालीस रुपये) आंकी गई है । इसी प्रत्यानुपातिक धनार्जन के आधार पर उन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है 

चार स्थानों पर एक साथ छापेमारी 

माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आलोक में ब्यूरो ने चार तलाशी दलों का गठन किया । इन टीमों ने आज सुबह एक साथ कृष्णा राम के सीतामढ़ी स्थित सरकारी आवास एवं कार्यालय, पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) के राजाबाजार स्थित किराये के मकान और ग्राम-टिकैत (तुरकौलिया) स्थित उनके पैतृक आवास पर धावा बोला । इसके साथ ही पटना के लेखा नगर स्थित साई श्याम र्माट सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नं0-407 की भी गहन तलाशी ली गई 

तलाशी एवं अनुसंधान की वर्तमान स्थिति 

निगरानी ब्यूरो द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन सभी ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई अभी भी जारी है । हालांकि खबर लिखे जाने तक ब्यूरो के अधिकारियों को किसी बड़ी या उल्लेखनीय बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है । विभाग के सूत्रों का कहना है कि दस्तावेजों और संपत्तियों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि भ्रष्टाचार के साक्ष्यों को और पुख्ता किया जा सके 

भ्रष्टाचार के विरुद्ध ब्यूरो की प्रतिबद्धता 

इस कार्रवाई के माध्यम से निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति को दोहराया है । ब्यूरो ने आम जनता से भी अपील की है कि वे भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी जानकारी को विभाग के साथ साझा करें । इसके लिए विभाग ने कई लैंडलाइन नंबरों के साथ-साथ हेल्पलाइन (0612-2215344), मोबाइल (7765953261) और व्हाट्सएप (9473494167) नंबर भी जारी किए हैं 

Report - anil kumar