Tej Pratap Yadav Holi:लालू के कुर्ता-फाड़ होली की गूंज फिर बुलंद, तेजप्रताप यादव ने खेली रंगों की होली, समर्थकों ने फाड़े कपड़े

Tej Pratap Yadav Holi:लालू प्रसाद यादव के बड़े बटे तेजप्रताप यादव ने पार्टी दफ्तर और 42A, हार्डिंग रोड स्थित आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जहां रंग, अबीर और गुलाल की बारिश में कार्यकर्ता झूम उठे।

Kurta Faad Holi Echoes Again Tej Pratap Yadav Leads Supporte
तेजप्रताप यादव ने खेली रंगों की होली- फोटो : reporter

Tej Pratap Yadav Holi:  फागुन की मस्ती जब परवान चढ़ती है तो सियासत भी रंगों में सराबोर हो जाती है। बिहार में होली की धूम के बीच राजनीतिक गलियारों में भी जश्न की जबरदस्त रौनक देखने को मिली। लालू प्रसाद यादव के बड़े बटे तेजप्रताप यादव ने पार्टी दफ्तर और 42A, हार्डिंग रोड स्थित आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जहां रंग, अबीर और गुलाल की बारिश में कार्यकर्ता झूम उठे।

जश्न उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब समर्थकों ने उत्साह में उनके कपड़े तक फाड़ दिए। ‘होली है!’ के नारों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर तेजप्रताप यादव कार्यकर्ताओं संग ठुमके लगाते नजर आए। माहौल में ऐसी दिलकश गर्माहट थी कि सियासी दूरियां भी कुछ पल को मिटती दिखीं।

समारोह को आध्यात्मिक रंग देने के लिए वृंदावन की रासलीला टीम को आमंत्रित किया गया था। पारंपरिक प्रस्तुतियों और भक्ति रस से सराबोर कार्यक्रम ने होली के रंग में आध्यात्मिक छटा भी घोल दी। तेजप्रताप ने कहा कि होली आनंद, नवजीवन और एकजुटता का प्रतीक है यह पर्व दिलों को जोड़ने का पैगाम देता है।

पुराने दौर की यादें भी ताजा हो गईं, जब लालू प्रसाद यादव के आवास पर ‘कुर्ता-फाड़ होली’ की धूम मचा करती थी। उसी परंपरा की झलक इस बार फिर देखने को मिली। न्यूज4नेशन से बातचीत में तेजप्रताप ने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत की संभावित सियासी एंट्री पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें तो बहुत पहले राजनीति में आ जाना चाहिए था। वहीं पटना विश्वविद्यालय में मिली जीत को उन्होंने पार्टी की सामूहिक कामयाबी बताया।

रंगों के इस संगम ने यह साबित कर दिया कि बिहार की सियासत में होली केवल त्योहार नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन और रिश्तों की नजदीकी का भी मौका होती है। फागुन की इस रंगीन शाम ने राजनीतिक तापमान को भी मस्ती के रंग में रंग दिया।

ऱिपोर्ट- देवांशु प्रभात