Bihar political Holi 2026: सियासत की तल्खी छोड़, चूल्हे पर मटन बनाते दिख रहे तेजस्वी, बेटी संग खेला होली, रसोई से लेकर सियासी मंच तक नेता प्रतिपक्ष

Bihar political Holi 2026: इस बार होली के मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक बिल्कुल जुदा मंज़र सामने आया है। ...

Beyond Politics Tejashwi Cooks Mutton
चूल्हे पर मटन बनाते दिख रहे तेजस्वी- फोटो : reporter

Bihar political Holi 2026: बिहार की सियासी फिज़ाओं में इस बार होली का खुमार कुछ अलग ही रंग बिखेर रहा है। जहां आमतौर पर बिहार की राजनीति तल्खियों और बयानों की जंग में उलझी रहती है, वहीं इस बार होली के मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का एक बिल्कुल जुदा मंज़र सामने आया है। एक तरफ जहां उनके मटन पकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर 'वायरल सेंसेशन' बना हुआ है, तो वहीं दूसरी तरफ उनकी बेटी कात्यायनी के साथ उनकी तस्वीरें किसी भी कट्टर विरोधी का भी दिल जीत के लिए काफी हैं।

सोशल मीडिया पर तैर रहे तेजस्वी के उस वीडियो ने हर किसी का ध्यान खींचा है, जिसमें वे बड़े से हंडे में तल्लीन होकर प्याज चला रहे हैं। एक नेता के हाथ में जब कलछुल हो, तो यह नज़ारा आम जनता के लिए किसी कश्मकश से कम नहीं होता। लेकिन इस बार यह अपनत्व का रंग पूरे बिहार में चर्चा का विषय है।

सियासत के मैदान से इतर, एक पिता की अपने नन्हे बच्चे के साथ होली की तस्वीरें वाकई दिलकश हैं। बेटी कात्यायनी को गुलाल लगाने का अंदाज, उनके चेहरे की मासूम मुस्कान और तेजस्वी का दुलार यह सब दिखा रहा है कि सत्ता की भागदौड़ के बीच भी रिश्तों की मिठास महफूज है।

यह लम्हे उन तमाम सियासी लकीरों को धुंधला कर देते हैं, जो अक्सर जनता और नेता के बीच एक दीवार बनकर खड़ी रहती हैं।

होली के पावन पर्व पर तेजस्वी यादव ने सिर्फ रंग नहीं खेला, बल्कि एक गहरा पैगाम भी दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साफ़ शब्दों में कहा "इंसानियत का रंग सबसे गहरा होता है। आज जब हम एक-दूसरे को गुलाल लगाएं तो दिलों की दूरियां और मन के मैल भी धो डालें। नफरत की हर रेखा को प्रेम के रंग से भर दें।"

तेजस्वी के इस अमन-चैन वाले आह्वान को लोग उनकी बदली हुई सियासी शैली के तौर पर देख रहे हैं। होली का यह जश्न सिर्फ रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में एक नए मिज़ाज की दस्तक भी है।