Bihar News : अक्षय तृतीया पर इस्कॉन पटना में चौथा ब्रह्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

Bihar News : अक्षय तृतीया पर इस्कॉन पटना में चौथा ब्रह्मोत्स

पटना, 20 मई 2026: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर इस्कॉन पटना में चौथे वार्षिकोत्सव (ब्रह्मोत्सव) का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान भगवान की कथा, हरिनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनों ने माहौल को पूरी तरह से वृंदावनमय बना दिया। इस विशेष अवसर पर भगवान का पंचामृत से महाभिषेक किया गया और 108 प्रकार के महाभोग अर्पित किए गए, जिससे भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर इस्कॉन टीएमसी के सह-अध्यक्ष आदि कर्ता दास ने अपने संबोधन में कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का निरंतर जप ही मानव जीवन के उद्धार का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से हरिनाम संकीर्तन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं क्षेत्रीय सह-सचिव गोकलेश्वर दास ने बताया कि इस्कॉन पटना लगातार भगवान के नाम के प्रचार-प्रसार और आध्यात्मिक जागरण के लिए कार्य कर रहा है। राधापति चरण दास ने मंदिर की वार्षिक गतिविधियों और विभिन्न सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में रमन मनोहर दास और वेणु विनोद दास सहित कई गणमान्य भक्तगण मौजूद रहे। अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। यह भव्य आयोजन एक बार फिर इस्कॉन पटना की भक्ति, संस्कृति और कृष्ण चेतना के प्रसार के प्रति समर्पण को दर्शाता है।