खान सर फायरिंग विवाद: गार्डों की जमानत पर फैसला सुरक्षित, रौशन आनंद की अर्जी पर यहां होगी सुनवाई
कुछ दिन पहले पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर भारी हंगामा, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी हुई थी। इस मामले में उनके गिरफ्तार गार्ड की जमानत से जुडी याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है.
Khan Sir : पटना में चर्चित खान सर फायरिंग विवाद से जुड़े मामले में गुरुवार को कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मऊआर ने बताया कि खान सर के गार्ड द्वारा कथित रूप से गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार दोनों गार्डों की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है। हालांकि, कोर्ट ने तत्काल फैसला सुनाने के बजाय आदेश को सुरक्षित (रिजर्व) रख लिया है। अब इस मामले में कोर्ट के अगले आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं, इसी प्रकरण से जुड़े ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के मामले में भी नया घटनाक्रम सामने आया है। उनकी जमानत याचिका को एडीजे-33 की अदालत में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई होगी। ऐसे में अब इस मामले की सुनवाई नए कोर्ट में होगी। उनकी जमानत से जुडी प्रक्रिया पर निचली अदालत का फैसला शुक्रवार को आ सकता है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर भारी हंगामा, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी हुई थी। इस दौरान छात्रों और कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया था। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कथित तौर पर फायरिंग की घटना दिखाई दी। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो गार्डों को गिरफ्तार किया था।
मामले को लेकर पटना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग और हिंसा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जहां एक ओर गार्डों की जमानत पर आदेश सुरक्षित है, वहीं रौशन आनंद की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है।
रंजीत की रिपोर्ट