लालू के जन्मदिन पर गरजे तेजस्वी, निशांत की पढ़ाई-लिखाई पर जमकर घेरा, सम्राट चौधरी को बहस की चुनौती
लालू यादव के जन्मदिन पर तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत को आड़े हाथों लेते हुए दोनों को कई मुद्दों पर घेरा है.
Tejashwi Yadav : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और हालिया राजनीतिक विवादों को लेकर सरकार को घेरा। तेजस्वी यादव ने मंत्री विजेंद्र यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्हें "नौवीं फेल" बताया गया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर कभी कोई भ्रम नहीं रखा और हमेशा साफ-साफ बताया है कि उनकी क्या डिग्री है।
उन्होंने कहा कि देश में कई बड़े नेताओं की डिग्री को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपनी शिक्षा के बारे में कभी कोई गलत दावा नहीं किया। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, "जब एक प्रोफेसर बन गए हैं तो उम्मीद है कि एक इंजीनियर भी बन जाएंगे।" दरअसल, पहले निशांत को इंजीनियर बताया गया था लेकिन बाद में उनके नामांकन पत्र से खुलासा हुआ कि वे 12वीं पास हैं।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है। राज्य में रोजगार नहीं है, महंगाई बढ़ रही है और पलायन लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमीर और अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और गरीब हो रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
ध्यान भटकाने की राजनीति
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के खजाने की स्थिति ठीक नहीं है और कई मामलों में बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई घोटाले सामने आए हैं, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। तेजस्वी ने कहा कि सरकार केवल सुरक्षा हटाने, बंगला खाली कराने और नाम बदलने जैसी बातों को मुद्दा बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे दो-चार दिन सुर्खियां बन सकते हैं, लेकिन जनता अब असली मुद्दों पर जवाब मांग रही है।
'युवाओं को रोजगार नहीं, लाठियां मिली'
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब युवा अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़क पर उतरते हैं तो उन्हें लाठियां मिलती हैं। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने जो घोषणाएं की थीं, उन पर भी कोई स्पष्टता नहीं है।
सम्राट चौधरी को बहस की चुनौती
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार को मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से बिहार की समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
लालू यादव को बताया गरीबों का मसीहा
अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर तेजस्वी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि लालू यादव गरीबों, वंचितों और सामाजिक न्याय के संघर्ष का बड़ा नाम हैं। उन्होंने कहा, "गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद यादव का आज जन्मदिन है। हम उनके बेटे होने के नाते कामना करते हैं कि वह स्वस्थ रहें और हमेशा हम सबका मार्गदर्शन करते रहें। उनका संघर्षपूर्ण जीवन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है।"
रंजन की रिपोर्ट