जीतन राम मांझी ने बढ़ाई एनडीए की उलझन! एमएलसी चुनाव में हम ने इतनी सीटों पर ठोका दावा, बड़ी मांग

बिहार में नौ एमएलसी सीटों पर 18 जून को मतदान होना है इसके पहले जीतन राम मांझी ने कहा, “अगर हमें एक सीट मिलती है तो एनडीए में और बेहतर तरीके से कोऑर्डिनेशन बना रहेगा,

Jitan Ram Manjhi on MLC elections
Jitan Ram Manjhi on MLC elections- फोटो : news4nation

Jitan Ram Manjhi : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एनडीए में अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग खुलकर रखी और कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को विधान परिषद में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से दिल्ली जाकर बातचीत करेंगे। मांझी के मुताबिक, गठबंधन में सहयोगी दलों को उचित सम्मान और भागीदारी मिलनी चाहिए।


मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी पहले से ही एक सीट की मांग करती रही है और वह आज भी इस मांग पर कायम हैं। उन्होंने कहा, “अगर हमें एक सीट मिलती है तो एनडीए में और बेहतर तरीके से कोऑर्डिनेशन बना रहेगा। हम गठबंधन के प्रति हमेशा समर्पित रहे हैं और आगे भी रहेंगे।”


“राजद के लोग लफंदर'

वहीं बिहार में बढ़ते अपराध और विपक्ष के आरोपों पर भी मांझी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर हमला बोलते हुए कहा कि “राजद के लोग लफंडर हैं।” उन्होंने दावा किया कि एनसीआरबी की रिपोर्ट उठाकर देख लेने से पता चल जाएगा कि अपराध के मामलों में कौन लोग ज्यादा शामिल रहते हैं। मांझी ने कहा कि बिहार में अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा, “जो अपराध करेगा, वह बिहार में मारा जाएगा।” साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ “एनकाउंटर” और “लंगड़ा एनकाउंटर” जैसी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।


अपराध पर बोलने का कोई अधिकार नहीं

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मांझी ने कहा कि उन्हें अपराध के मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता लालू-राबड़ी शासनकाल के दौर को देख चुकी है और जानती है कि उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी।

18 जून को मतदान 
दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 खाली सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया।18 जून को मतदान कराया जाएगा. नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है जबकि नाम वापस लेने की तारीख 11 जून है. वहीं अगर मतदान की नौबत आती है तो 18 जून को सुबह9 बजे से शाम 4 बजे के बीच मतदान होगा. उसी दिन शाम 5 बजे गिनती होगी.
अभिजीत की रिपोर्ट