आनंद मोहन को जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार की चेतावनी, नीतीश ने कई लोगों को किया है अस्वस्थ, बोलने से पहले

पूर्व सांसद आनंद मोहन के जदयू पर लगाए गए आरोपों के बाद पार्टी की ओर से मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें बिना साक्ष्य कुछ नहीं बोलना चाहिए.

Neeraj Kumar warns Anand Mohan
Neeraj Kumar warns Anand Mohan- फोटो : news4nation

Bihar News : जदयू ने पूर्व सांसद आनंद मोहन के बयान पर तीखा पलटवार किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार ने कई लोगों को राजनीतिक रूप से अस्वस्थ कर दिया है और कई लोगों को स्वस्थ भी किया है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति बिना साक्ष्य के नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार के व्यक्तिगत चरित्र पर हमला नहीं कर सकता।

नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार केवल बिहार के नेता नहीं बल्कि “क्लाइमेट लीडर” और “ग्लोबल थिंकर” हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत दोनों ही उच्च शिक्षित हैं। निशांत योग्य हैं, इसलिए स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “स्वास्थ्य विभाग मुरेठा बांधकर नहीं चलेगा, बल्कि शालीनता और सादगी से चलता है।”


जदयू में नहीं लगता पैसा

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी में किसी को सांसद, विधायक, विधान पार्षद या बोर्ड-निगम का पद पाने के लिए एक रुपया तक नहीं देना पड़ा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर किसी के पास ऐसा कोई प्रमाण है तो वह सार्वजनिक करे। नीरज कुमार ने यह भी कहा कि खुद आनंद मोहन कह चुके हैं कि वे जनता दल यूनाइटेड में नहीं हैं, इसलिए उन्हें पार्टी नेता नीतीश कुमार पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार या औचित्य नहीं है।


उन्होंने कहा कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद और बेटे चेतन आनंद इस तरह के बयान नहीं दे रहे हैं, ऐसे में आनंद मोहन खुद “तीन में हैं या तेरह में”, यह उन्हें स्पष्ट करना चाहिए। नीरज कुमार ने कहा कि जदयू ने ही शिवहर की सीट बीजेपी से लेकर लवली आनंद को दी थी, वहीं नवीनगर सीट पर वीरेंद्र कुमार की जगह चेतन आनंद को मौका दिया गया। इसके बावजूद इस तरह की बयानबाजी करना ईमानदारी नहीं कहलाएगी।


बेटे को मंत्री बनाने की चाहत

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज चल रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी नाराजगी के बाद से वे लगातार जदयू और नीतीश कुमार पर हमलावर हैं।


जदयू पर बड़ा हमला 

दरअसल, हाल ही में सीतामढ़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आनंद मोहन ने कहा था कि “नीतीश कुमार को उनकी ही पार्टी के लोगों ने जिंदा दफन कर दिया है।” उन्होंने निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा था, “बाप-बेटे दोनों को डॉक्टर की जरूरत है। चंडाल चौकड़ी ने जदयू को बर्बाद कर दिया। पार्टी अब थैली वाली पार्टी बन गई है। जिसने थैली पहुंचाई, वही मंत्री बना।”

अभिजीत की रिपोर्ट