नीतीश देंगे निशांत को मिलेगी नई जिम्मेदारी! जदयू की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक में होगा बड़ा फैसला

इस बैठक की सबसे चर्चित बात यह है कि पहली बार स्वास्थ्य मंत्री और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार न केवल बैठक में शामिल होंगे, बल्कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

JDU National Council Meeting
JDU National Council Meeting - फोटो : news4nation

JDU :  जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता अभियान के विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। देशभर से पार्टी के नेताओं और प्रतिनिधियों का पटना पहुंचना शुरू हो गया है। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू नेता नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के फैसले को राष्ट्रीय परिषद से औपचारिक मंजूरी दिलाना है। इसके अलावा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा।


इस बैठक की सबसे चर्चित बात यह है कि पहली बार स्वास्थ्य मंत्री और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार न केवल बैठक में शामिल होंगे, बल्कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। इसे जदयू की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। वहीं, विधायक अनंत सिंह भी बैठक में शामिल होने पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक के बाद ही चर्चा के विषयों की जानकारी देंगे। 


मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी के नियमों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि बैठक में पार्टी को और मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी। निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे भविष्य के नेता हैं और आने वाले समय में उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।


जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के अनुसार राज्य परिषद की बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी, जबकि राष्ट्रीय परिषद की बैठक दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसके बाद खुला अधिवेशन भी होगा। शाम 4:30 बजे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में पारित प्रस्तावों और निर्णयों की जानकारी देंगे। उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास और बदलाव को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए बैठक में ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।


बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।