Patna News: पटना में गंगा ने निगल ली तीन मासूम जिंदगियां, स्नान के दौरान डूबे तीन किशोर, इलाके में पसरा मातम
Patna News: गंगा नदी में स्नान के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बादगांव में मातम पसर गया है।....
Patna News: पटना के दानापुर अनुमंडल से रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जहां गंगा नदी में स्नान के दौरान तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके स्थित हेतनपुर गांव में मातम पसर गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार हेतनपुर गांव के तीनों किशोर अपने अन्य साथियों के साथ गंगा स्नान करने हेतनपुर घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक तीनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान धर्मवीर राय के 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के पुत्र तेज कुमार और अमिताभ बच्चन राय के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। अपने बच्चों के शव देखकर परिवार के लोगों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गमगीन हो उठा। माताओं का विलाप और परिजनों का दर्द देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी चंदन कुमार और शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रशासन ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं दानापुर विधायक एवं केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों से बात कर राहत एवं खोज अभियान के लिए एनडीआरएफ टीम लगाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है। मंत्री ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार