Bihar Politics: JDU की बड़ी बैठक आज, सीएम नीतीश लेंगे बड़ा फैसला, कार्यकर्ताओं के लिए खास प्लान, जानिए पूरी खबर

Bihar Politics:

सीएम नीतीश
जदयू की बड़ी बैठक आज - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। नए सरकार के गठन की अब प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसी बीच आज जदयू ने बड़ी बैठक बुलाई है। जदयू कार्यालय में बैठक होने की संभावनाएं हैं। इसके साथ ही सीएम नीतीश आज अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित करेंगे। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की। बीजेपी ने 89, जदयू ने 85 और लोजपा (आर) ने 29 में से 19 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

पटना में जदयू का सम्मान समारोह आज

इस ऐतिहासिक जीत के बाद एनडीए घटक दल अपने बूथ स्तर के योद्धाओं को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। जदयू अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने जा रही है। शनिवार को पटना स्थित जदयू मुख्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे और चुनाव में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

2020 के मुकाबले 2025 में जदयू की दोगुनी सीटें

जदयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका का सम्मान करना और भविष्य की चुनौतियों के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना है। 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू मात्र 43 सीटें जीत पाई थी। हालांकि 2025 में यह संख्या बढ़कर लगभग दोगुनी 85 हो गई। पार्टी इसे संगठन की मजबूती, सरकार के कार्यों के प्रचार–प्रसार और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा मान रही है। जदयू का मानना है कि कार्यकर्ताओं ने घर–घर जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और सरकार के विकास मॉडल को जनता तक पहुंचाया, जिसके कारण मतदाताओं ने बड़े पैमाने पर एनडीए पर भरोसा जताया।

बीजेपी की तर्ज पर जदयू का कार्यक्रम

इससे पहले 29 नवंबर को बीजेपी ने पटना के अटल सभागार में राज्य के बीएलओ–1 को सम्मानित किया था। जदयू ने भी इसी पैटर्न पर अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का फैसला लिया है। पार्टी इसे संगठन विस्तार और नए लोगों को जोड़ने का सशक्त अभियान मान रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिसके बाद यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक कार्यक्रम माना जा रहा है।