BRICS Summit: BRICS डिनर में मलेशिया के प्रधानमंत्री ने छेड़ी किशोर की धुन, ख्वाब हो तुम और दोस्त दोस्त ना रहा गाकर जीता दिल
BRICS Summit: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के डिनर में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की धुन छेड़कर महफिल में रंग जमा दिया।
BRICS Summit: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के डिनर में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की धुन छेड़कर महफिल में रंग जमा दिया। शनिवार को उन्होंने किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत...’ अपनी आवाज में गाया। इसके साथ ही उन्होंने मुकेश का लोकप्रिय गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा...’ भी गुनगुनाया। अनवर इब्राहिम ने करीब डेढ़ मिनट का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर साझा किया।
वीडियो के साथ मलेशियाई प्रधानमंत्री ने लिखा, “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?” उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। भारत यात्रा के दौरान बॉलीवुड और भारतीय संगीत के प्रति उनका लगाव एक बार फिर नजर आया।
अनवर इब्राहिम BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि भारत आने से पहले मलेशिया में कई लोगों ने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के लिए शुभकामना संदेश देने को कहा था।
जिस ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गीत को अनवर ने गाया, वह 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी, जबकि संगीत एस.डी. बर्मन ने दिया था और गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था। वहीं ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ फिल्म ‘संगम’ का चर्चित गीत है, जिसे मुकेश ने गाया था। इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया और गीत शैलेंद्र ने लिखा था।
अनवर इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। 2024 में भारत के एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यही गीत गुनगुनाया था। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान भी अनवर ने एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज साझा किया था, जिसमें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।
मलेशिया में भारतीय सिनेमा की मजबूत लोकप्रियता की एक बड़ी वजह वहां करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोगों की मौजूदगी भी मानी जाती है। बॉलीवुड के साथ तमिल फिल्मों का भी वहां बड़ा बाजार है। ऐसे में अनवर इब्राहिम का भारतीय गीतों के प्रति यह अंदाज दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों की गर्माहट को भी जाहिर करता है।
Aditi's Special Report