बिजली बिल पर लग रहा ब्याज माफ ! विधानसभा में उर्जा मंत्री ने किया बड़ी राहत का ऐलान
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बकाया राशि पर लग रहे ब्याज को लेकर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है।
Bihar Vidhan parishad : बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है। राज्य सरकार बकाया बिजली बिल पर लग रहे चक्रवृद्धि ब्याज को माफ करने पर विचार कर रही है। विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने यह आश्वासन दिया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जो उपभोक्ता बिजली का उपयोग करेंगे, उन्हें मूल बिल का भुगतान करना ही होगा। हालांकि, बकाया राशि पर लग रहे ब्याज को लेकर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि उपभोक्ताओं को ब्याज को लेकर परेशानी है तो इसे माफ करने की दिशा में निर्णय लिया जा सकता है।
विधानसभा में कई विधायकों ने बढ़ते बकाया और उस पर लग रहे चक्रवृद्धि ब्याज को लेकर चिंता जताई थी। उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं के लिए बढ़ता ब्याज बोझ बनता जा रहा है। मंत्री के आश्वासन के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार जल्द ही इस संबंध में ठोस निर्णय ले सकती है, जिससे लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।