ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा : 5 आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख का सामान बरामद

जीआरपी पटना ने ट्रेनों और स्टेशनों पर सक्रिय इलेक्ट्रॉनिक्स अंतरजिला चोर गिरोह का खुलासा किया है। जीआरपी ने इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं इनके पास से तकरीबन 13 लाख रुपये के इलेक्ट्रानिक गजट बरामद किया है....

ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी करने वाले अंतरजिला गि
ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : रेल जिला पटना पुलिस को ट्रेनों और स्टेशनों पर सक्रिय इलेक्ट्रॉनिक्स चोर गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। मुफस्सिल थाना खगड़िया में पदस्थापित महिला परिपु०अ०नि० सोनाली कुमारी वाराणसी से खगड़िया जाने के क्रम में 19 जुलाई 2026 को पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 04 पर राजरानी एक्सप्रेस में बैठी थीं। इस दौरान सीट पर बैग में रखे उनके दो लैपटॉप अज्ञात चोरों ने पार कर दिए। पीड़िता के आवेदन पर रेल थाना पटना जंक्शन में कांड संख्या 418/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।


गुप्त सूचना पर प्लेटफॉर्म संख्या 4 से पहला आरोपी गौतम कुमार चोरी के टैब के साथ दबोचा गया

कांड के उद्भेदन के क्रम में 21 जुलाई 2026 को रेल पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दानापुर के चित्रकूट नगर निवासी गौतम कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का एक टैब और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ।


मुख्य आरोपी की निशानदेही पर मॉल और दुकानों में छापेमारी, गिरोह के 4 अन्य सदस्य गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपी गौतम कुमार से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर पटना के v2 मॉल, महाराजा कामेश्वर कॉम्प्लेक्स की दुकानों और डाकबंगला चौराहा के पास तैमी हाउस में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान चोरी के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की खरीद-बिक्री में लिप्त चार अन्य अभियुक्तों—उदित कुमार (सारण), सूरज कुमार (पटना), फवाज अहमद (पटना) और गयासुद्दीन (पटना) को गिरफ्तार किया गया।


भारी मात्रा में लैपटॉप, कंप्यूटर पार्ट्स और मोबाइल बरामद; कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने विशाल पैमाने पर चोरी और अवैध रूप से जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बरामद किए हैं:

50 विभिन्न कंपनियों के लैपटॉप

27 लैपटॉप चार्जर

15 कि-बोर्ड, 16 माउस, 3 सीपीयू और मॉनिटर

टैब और मोबाइल फोन

बरामद किए गए सामानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13,00,000 (13 लाख रुपये) आंकी गई है।


रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में छापेमारी जारी, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

रेल पुलिस अधीक्षक, पटना अनंत कुमार राय के स्पष्ट निर्देशन और सभी रेल पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में पूरे रेल जिला में अपराधियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान और छापेमारी जारी है। रेल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और स्टेशन/ट्रेन परिसरों में चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रंजीत की रिपोर्ट