पटना समेत पांच जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन छापेमारी: गोदाम सील, एक्सपायरी व गलत लेबल वाली दवाएं जब्त, कई की बिक्री पर रोक

अवैध दवाओं के कारोबार पर औषधि नियंत्रण विभाग ने प्रहार किया है। पटना समेत 5 जिलों के दवा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम सील किया गया और कुल 1.41 लाख से अधिक की दवाएं जब्त की गईं...

पटना समेत पांच जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन छापेमारी
पटना समेत पांच जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन छापेमारी- फोटो : रिपोर्टर

Patna : स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग ने गुणवत्तापूर्ण व सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए 25 एवं 26 नवंबर 2026 को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी तथा समस्तीपुर जिलों में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान दवाओं की खरीद, बिक्री और भंडारण से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके तहत एक्सपायरी व गलत लेबल वाली दवाएं जब्त की गईं, कई औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई और एक गोदाम को सील कर दिया गया।


पटना के गोविंद मित्रा रोड में 7 प्रतिष्ठानों की जांच, केसर वैक्सीन का गोदाम सील

पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों में हुई जांच के दौरान केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर में अवधि समाप्त सेफिल-सीवी 250 व 500 के तीन बैच की 11 स्ट्रिप प्रपत्र-16 के तहत जब्त की गईं, 12 दवाओं के खरीद अभिलेख न मिलने पर बिक्री रोकी गई, बिना अनुज्ञप्ति वाले गोदाम को सील किया गया और चार नमूने लिए गए। वहीं मां भवानी ड्रग हाउस से ₹19,642.25 मूल्य की 315 स्ट्रिप जब्त कर 18 दवाओं पर प्रपत्र-15 के तहत रोक व दो नमूने लिए गए, जबकि आशीर्वाद इंटरप्राइजेज से ₹13,620 के एक्सपायरी नर्विजेन प्लस इंजेक्शन की 120 यूनिट जब्त कर 18 दवाओं व तीन गैर-अनुमोदित दवाओं की बिक्री रोकी गई तथा दो नमूने लिए गए।


पटना के अन्य प्रतिष्ठानों में मिली खामियां, खरीद अभिलेख और नमूनों पर कार्रवाई

गोविंद मित्रा रोड स्थित एस.जी. इंटरप्राइजेज में निःशुल्क चिकित्सकीय नमूने व गलत लेबल वाली दवा मिलने पर ₹3,090 मूल्य की दो दवाओं की 13 स्ट्रिप प्रपत्र-16 के तहत जब्त की गईं, छह दवाओं की बिक्री रोकी गई और दो नमूने लिए गए। इसके अलावा बरनवाल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में खरीद अभिलेख व फॉर्म-V न मिलने पर दवाओं के निपटान पर रोक लगाकर दो नमूने लिए गए, अरुणोदय पैलेस स्थित सुखी इंटरप्राइजेज में 14 दवाओं के खरीद अभिलेख न मिलने पर बिक्री रोकी गई तथा आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी में तीन दवाओं के खरीद-बिक्री बिल न मिलने पर प्रपत्र-15 जारी कर तीन नमूने लिए गए।


भागलपुर, मधुबनी, समस्तीपुर और गयाजी में भी सख्त कार्रवाई

भागलपुर में गोराडीह स्थित दीपक मेडिकल हॉल में अधिकृत योग्य व्यक्ति अनुपस्थित व अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने पर दो दवाओं की बिक्री रोककर दो नमूने लिए गए, सन्हौला स्थित यूनुस मेडिकल एजेंसी से दो नमूने लिए गए और नाथनगर स्थित शंकर मेडिकल हॉल बिना अनुज्ञप्ति संचालित मिलने पर कार्रवाई जारी रही। वहीं मधुबनी के बुद्ध नगर कॉलोनी स्थित भूषण मेडिकल हॉल से बिना वैध अनुज्ञप्ति के ₹1,04,704.46 मूल्य की 40 प्रकार की दवाएं जब्त कर एक नमूना लिया गया, समस्तीपुर के बाबा इंटरप्राइजेज से दो नमूने लिए गए तथा गयाजी के गौरव फार्मा में पूर्व समर्पित अनुज्ञप्ति पर कारोबार, रेफ्रिजरेटर व साइन बोर्ड न होने, बिना पैलेट फर्श पर कार्टन रखने व खरीद बिल न मिलने पर प्रपत्र-15 के तहत रोक और प्रपत्र-17 व 17A के तहत छह नमूने लिए गए।


कुल 29 औषधि नमूने संग्रहित, सुरक्षित दवाओं के लिए अभियान जारी रहेगा

पांचों जिलों में चलाए गए इस अभियान के दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए कुल 29 औषधियों के नमूने लिए गए, जिनमें पटना के सात प्रतिष्ठानों से लिए गए 16 नमूने भी शामिल हैं। विभाग के अनुसार चार प्रतिष्ठानों से ₹1,41,056.71 मूल्य की औषधियां जब्त की गई हैं और पाई गई अनियमितताओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह निरीक्षण व छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।