Bihar News : गया में औलाद की बेवफाई, बेटी ने धोखे से बेची 4.45 एकड़ जमीन, बुजुर्ग दंपती ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार
Bihar News : गयाजी में बुजुर्ग दंपती ने अपनी ही सगी बेटी पर बिना जानकारी दिए 4.45 एकड़ उपजाऊ खेती की जमीन फर्जी तरीके से दूसरे लोगों के हाथों रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे
PATNA : कहते हैं कि औलाद यशस्वी हो तो माता-पिता का जीवन धन्य हो जाता है, लेकिन जब औलाद ही कुमति की राह पर चल पड़े तो बुढ़ापे की जिंदगी जीते-जी नरक बन जाती है। ऐसा ही मामला गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के पुनार गांव से सामने आया है। यहां बुजुर्ग दंपती बृजनंदन सिंह और उनकी पत्नी श्याम सुंदर देवी ने अपनी ही बेटी पर बिना जानकारी दिए उनकी करीब 4.45 एकड़ खेती की जमीन दूसरे लोगों के हाथों रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है।
बुजुर्ग दंपती के अनुसार, इसी जमीन से होने वाली आमदनी से उनका भरण-पोषण और लंबे समय से चल रहा इलाज होता था। जमीन की आमदनी बंद हो जाने के बाद अब उनके सामने खाने-पीने और इलाज कराने तक का संकट खड़ा हो गया है। आंखों में आंसू और चेहरे पर बेबसी लिए श्याम सुंदर देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी बिंदु देवी के दोनों बच्चों की शादी में लाखों रुपये खर्च किए और हर संभव मदद की। इसके बावजूद बुढ़ापे का सहारा मानी जाने वाली जमीन को कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना दूसरे लोगों के हाथों रजिस्ट्री कर दिया गया।
पीड़ित दंपती का आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने पहुंचे दबंग खरीदार उन्हें वहां जाने से रोकते हैं और गाली-गलौज कर भगा देते हैं। ऐसे में बुजुर्ग दंपती खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं। परेशान दंपती ने आईजी से मुलाकात कर आवेदन सौंपते हुए मामले की जांच कराने और अपनी जमीन को मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
उनका कहना है कि जमीन वापस मिलने पर ही वे अपने जीवन-यापन के साथ लंबे समय से चल रहे इलाज को जारी रख सकेंगे। बुजुर्ग दंपती ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
मनोज की रिपोर्ट