भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी का बड़ा एक्शन, 6.56 लाख नेपाली मुद्रा के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 56वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लाख 56 हजार रुपये की अवैध नेपाली मुद्रा के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है.....

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी का बड़ा एक्शन, 6.56 लाख नेपाली मुद
नेपाली मुद्रा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार- फोटो : राजेश कुमार

Araria : जिले से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी बेला के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लाख 56 हजार रुपये की अवैध नेपाली मुद्रा बरामद की है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की महिंद्रा वीरो गाड़ी को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


गुप्त सूचना पर बेला गांव में नाकेबंदी, चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े तस्कर 

जानकारी के अनुसार, एसएसबी को सूचना मिली थी कि बेला गांव के वार्ड संख्या 07 से एक चार पहिया वाहन के जरिए अवैध नेपाली मुद्रा भीमनगर (सुपौल) की ओर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल का गठन किया गया। गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 198/2 से करीब 300 मीटर भारतीय क्षेत्र में बेला गांव के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।


गाड़ी से मिली काले रंग की थैली, सुपौल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी 

वाहन की तलाशी के दौरान उसमें रखी काले रंग की प्लास्टिक थैली से 1000 रुपये के 458 नोट (4,58,000 रुपये) और 500 रुपये के 396 नोट (1,98,000 रुपये) बरामद हुए। बरामद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर एसएसबी जवानों ने करेंसी और वाहन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीरपुर (सुपौल) के बौराहा निवासी रूपेश कुमार यादव (25 वर्ष) और बनेलीपट्टी निवासी उदय कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है।


फारबिसगंज कस्टम कार्यालय को सौंपे गए आरोपी और जब्त सामान 

एसएसबी अधिकारियों द्वारा मौके पर ही नियमानुसार जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद जब्त की गई नेपाली मुद्रा, महिंद्रा वीरो वाहन और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया गया है। कस्टम विभाग की टीम अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध मुद्रा के इस नेटवर्क और स्रोत की पड़ताल कर रही है।


सीमा पर बढ़ी चौकसी, अवैध हवाला और तस्करी पर कड़ा प्रहार 

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी की इस कार्रवाई को अवैध मुद्रा के आवागमन और सीमा पार तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में असामाजिक और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी ने गश्त और सघन चेकिंग अभियान को और तेज कर दिया है।

राजेश की रिपोर्ट