BJP National President Nitin Nabin: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास कितनी है संपत्ति, दिल्ली का रास्ता और बिहार की जड़ों से जुड़ी सियासी दास्तान

BJP National President Nitin Nabin की राजनीतिक हैसियत के साथ-साथ उनकी संपत्ति और सियासी सफर चर्चा का विषय बन गया है।

How much property does the BJP national president Nitin nabi
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास कितनी है संपत्ति- फोटो : reporter

BJP National President Nitin Nabin: बिहार की सियासत में इन दिनों हलचल तेज है और इसी हलचल के केंद्र में हैं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते ही उनकी राजनीतिक हैसियत के साथ-साथ उनकी संपत्ति और सियासी सफर भी चर्चा का विषय बन गया है। चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक नितिन नवीन की कुल चल संपत्ति लगभग 1 करोड़ 16 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 84 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज है।

दिलचस्प बात यह है कि खुद नितिन नवीन के नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के नाम करीब 1.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। हलफनामे के अनुसार उनके पास 55 हजार रुपये नकद हैं और विभिन्न बैंकों में लगभग 62 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार भी है। हालांकि सियासत के इस उभरते चेहरे पर करीब 32 लाख रुपये का कर्ज भी दर्ज है। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है।

राजनीतिक रस्म के तौर पर नामांकन दाखिल करने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने भावुक अंदाज में बिहार के साथ अपने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार केवल उनका राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी पहचान और जड़ों का आधार है।नितिन नवीन ने कहा, “बिहार मेरी जमीन है और इस जमीन को सींचते रहना मेरे जीवन का मकसद है। इंसान अपनी जड़ों से कटकर कभी बड़ा नहीं हो सकता। जब जड़ मजबूत होती है तभी वटवृक्ष विशाल बनता है।” उनकी यह बात सियासी हलकों में काफी चर्चा का विषय बन गई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी उन्होंने अपने नामांकन को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते हुए उन्हें अपनी लंबी राजनीतिक यात्रा याद आ रही है। पटना पश्चिम यानी बांकीपुर की जनता ने उन्हें राजनीति की राह पर चलना सिखाया और दो दशकों से ज्यादा समय तक दिए गए भरोसे ने उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर दिया।

कुल मिलाकर, नितिन नवीन की यह सियासी यात्रा अब पटना से दिल्ली की ओर बढ़ रही है। मगर उनकी बातों से साफ है कि सत्ता का यह नया पड़ाव भी उनकी जड़ें यानी बिहार से जुड़ा रहेगा।