गया ANMMCH के पुनर्निर्माण के मास्टर प्लान की स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा: सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के रूप में होगा विकसित
Patna : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH), गया के समग्र पुनर्विकास और पुनर्निर्माण के लिए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में अस्पताल परिसर के पुनर्विकास, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, भवन निर्माण और मेडिकल शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर गहन मंथन किया गया।
समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य और बिना बाधा इलाज जारी रखने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को मास्टर प्लान को भविष्य की 50 वर्षों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्य के हर चरण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन होना चाहिए। मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान अस्पताल में मरीजों के इलाज और ओपीडी/आईपीडी सेवाएं किसी भी परिस्थिति में प्रभावित या बाधित न हों।
BMSICL बनाएगा आधुनिक छात्रावास, नया मॉर्चरी कॉम्प्लेक्स और सुदृढ़ बिजली व्यवस्था
मास्टर प्लान के तहत बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्माण कराए जाएंगे। इनमें मेडिकल छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए हॉस्टल, अत्याधुनिक मॉर्चरी कॉम्प्लेक्स का निर्माण और पुराने छात्रावासों का व्यापक जीर्णोद्धार शामिल है। इसके अलावा, अस्पताल परिसर में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और इमरजेंसी सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए।
मगध क्षेत्र का बनेगा प्रमुख सुपरस्पेशलिटी सेंटर, पटना पर निर्भरता होगी कम
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि ANMMCH को भविष्य में एक पूर्ण विकसित 'सुपरस्पेशलिटी अस्पताल' के रूप में उभारा जाएगा। इससे गया सहित पूरे मगध प्रमंडल के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ डॉक्टर, बेहतर सुविधाएं और समय पर इलाज मिलने से मरीजों के समय और आर्थिक व्यय दोनों में बड़ी बचत होगी तथा रेफरल मामलों में भारी कमी आएगी।
जून 2026 का क्लीनिकल प्रदर्शन: 36 हजार से अधिक ओपीडी मरीजों का हुआ इलाज
बैठक के दौरान अस्पताल के हालिया क्लीनिकल प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 के दौरान ANMMCH में 36,155 ओपीडी (OPD) मरीजों और 2,965 आईपीडी (IPD) मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। इसके साथ ही 1,166 इमरजेंसी मरीजों का सफल इलाज किया गया तथा 460 मेजर और 2,693 माइनर ऑपरेशन सफलता से संपन्न किए गए, जो अस्पताल की बढ़ती क्षमता और दक्षता को साबित करते हैं।
प्रिय दर्शन की रिपोर्ट