बिहार में बाढ़ का कहर: डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कमान एंड कंट्रोल सेंटर से लिया जायजा, अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के दिए निर्देश

बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। भागलपुर, वैशाली समेत कई जिलों के निचले इलाको में बाढ़ का पानी घूस गया है। वहीं पटना में गंगा नदी कई स्थानों पर सड़कों तक पहुंच गई है। सोन नदी उफान पर है....

बिहार में बाढ़ का कहर: डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कमान एंड कं
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार में गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक और सोन जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घूस गया है। वहीं, नेपाल में भारी बारिश और भीषण बाढ़ के बाद वहां से आने वाली नदियों का दबाव भी बिहार पर बढ़ रहा है। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने जल संसाधन विभाग के कमान एंड कंट्रोल सेंटर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में बाढ़ की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में नदियों के जलस्तर और तटबंधों में आई दरारों या टूटने की खबरों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए।


भागलपुर में तटबंध टूटने से बिगड़े हालात 

समीक्षा के दौरान दक्षिण बिहार की पुनपुन और दरधा नदियों की स्थिति का आकलन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा नदी के बढ़े हुए जलस्तर के कारण भागलपुर में कई स्थानों पर तटबंध टूट गए हैं और नदियों में तेजी से कटाव हो रहा है, जिससे भागलपुर में स्थिति काफी खतरनाक हो गई है।


स्टीमर और मेगा जिओ बैग से बचाव कार्य जारी 

भागलपुर सहित अन्य प्रभावित इलाकों में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग की टीम बड़े पैमाने पर जुटी हुई है। नदियों के तेज बहाव और कटाव को रोकने के लिए स्टीमर की मदद से मेगा जिओ बैग लगाकर तटबंधों को सुरक्षित करने के आपातकालीन प्रयास किए जा रहे हैं।


धरातल पर इंजीनियर तैनातकमान सेंटर से निगरानी 

राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जल संसाधन विभाग के सभी अधिकारी और इंजीनियर खुद ग्राउंड जीरो पर तटबंधों पर तैनात हैं। इसके साथ ही, पटना स्थित कमान एंड कंट्रोल रूम से पूरे बिहार की नदियों और तटबंधों की स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


अगला एक-डेढ़ महीना सरकार के लिए चुनौती 

मामले पर बयान देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि फिलहाल बाढ़ का मौसम बना हुआ है और अक्टूबर के शुरुआती दिनों तक बाढ़ का खतरा रह सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाला एक से डेढ़ महीना जल संसाधन विभाग और राज्य सरकार दोनों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।


अभिजीत की रिपोर्ट