शराब माफिया पर पुलिस की 'सर्जिकल स्ट्राइक', भूसी की आड़ में छिपाई 1 करोड़ की शराब बरामद
हाजीपुर में शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस की 'सर्जिकल स्ट्राइक', भूसी के नीचे छिपाकर लाई जा रही एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक के ऊपरी हिस्से को पूरी तरह भूसी से ढक दिया था।
Vaishali - बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए वैशाली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। ताजा मामला हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग का है, जहाँ वैशाली एसपी विक्रम सिहाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया विदेशी शराब की एक बड़ी खेप इलाके में खपाने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर हाजीपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिपेट (CIPET) के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध ट्रक को अपने कब्जे में लिया।
भूसी के नीचे छिपा था 'नशीला खजाना'
पुलिस टीम ने जब मौके पर खड़े ट्रक की तलाशी शुरू की, तो पहली नजर में वहां सिर्फ लकड़ी की भूसी से भरे बोरे दिखाई दे रहे थे। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक के ऊपरी हिस्से को पूरी तरह भूसी से ढक दिया था। हालांकि, संदेह होने पर जब पुलिस ने बोरों को हटाना शुरू किया, तो वे भी दंग रह गए। ट्रक के भीतर एक बेहद शातिराना तरीके से गुप्त तहखाना बनाया गया था। इस तहखाने के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियाँ ठूस-ठूस कर भरी गई थीं।
एक करोड़ से अधिक आंकी गई कीमत
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर औद्योगिक थाना परिसर लाया, जहाँ कड़ी सुरक्षा के बीच शराब की खेप को नीचे उतारा गया। गिनती के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद की गई विदेशी शराब की बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपये से भी अधिक है। तस्करों की यह योजना थी कि इस बड़ी खेप को औद्योगिक क्षेत्र के आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाए। इतनी भारी मात्रा में बरामदगी ने शराब तस्करों के नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।
तस्करों की तलाश में जुटी विशेष टीम
पुलिस की इस दबिश के दौरान मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक और शराब तस्कर भागने में सफल रहे। फिलहाल, औद्योगिक थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही ट्रक के मालिक व इस गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई के जरिए बड़े शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश होगा।
Report - Rishav kumar