बिहार विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बुलाई आपात बैठक

Bihar Assembly threatened
Bihar Assembly threatened- फोटो : news4nation

Bihar Vidhansabha : बिहार विधान सभा को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने की सूचना मिलते ही विधानसभा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। मामले की जानकारी मिलते ही विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा की गई और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए गए।


अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे इस मामले की जानकारी राज्य के मुख्य सचिव और Bihar Police के पुलिस महानिदेशक को दें, ताकि विधानसभा परिसर की सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल जांच कराई जा सके।


धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे परिसर में जांच अभियान चलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा।


फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली जाएगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट