JDU दफ्तर में नीतीश कुमार का भव्य स्वागत: निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मुहर, मंत्री निशांत के नेतृत्व को लेकर बड़ा एलान
जेडीयू की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की उच्चस्तरीय बैठक में शाामिल होने जदयू कार्यालय पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार का भव्य स्वागत हुआ। वहीं इस बैठक में नीतीश कुमार के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सर्वसम्मति से अंतिम मुहर लगाई गई ....
Patna : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को जब पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, तो वहां का नजारा उत्सव जैसा हो गया। नीतीश कुमार के आगमन की सूचना मिलते ही सैकड़ों उत्साहित कार्यकर्ता हाथों में गुलाब के फूलों से भरी टोकरियां लेकर उनकी गाड़ी के पास जमा हो गए और उन पर फूलों की भारी बारिश करने लगे। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लेकर झूमने लगे और नीतीश कुमार के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कार्यकर्ताओं के इस अगाध प्रेम को देखकर नीतीश कुमार बेहद खुश नजर आए और गाड़ी के भीतर से ही ताली बजाकर व हाथ जोड़कर सबका अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक में दिग्गजों का जुटान
पार्टी दफ्तर के अंदर जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में भाग लेने के लिए जेडीयू के तमाम शीर्ष नेता पहले से ही मुस्तैद थे। जैसे ही नीतीश कुमार मंच पर पहुंचे, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस उच्च स्तरीय बैठक में दोनों नवनियुक्त डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, वरिष्ठ नेता ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, लेसी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित देश-प्रदेश के कई प्रमुख जेडीयू पदाधिकारी मौजूद रहे।
नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर लगी अंतिम मुहर
बैठक के मुख्य फैसलों की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में सर्वसम्मति से एक बड़ा ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार, जो पिछले दिनों निर्विरोध जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे, आज राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उनके नाम का विधिवत अनुमोदन (Ratification) कर दिया गया। विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का पुनः कमान संभालना देश और बिहार के तमाम जेडीयू कार्यकर्ताओं के लिए बेहद हर्ष और प्रसन्नता का विषय है, जिससे संगठन को नई वैचारिक ऊर्जा मिलेगी।
निशांत कुमार की सक्रियता से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने एक और बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि आज की राज्य और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें सूबे के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पूरे दिन बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निशांत कुमार की इस सांगठनिक सक्रियता से जेडीयू कार्यकर्ताओं में एक नया और जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। विजय चौधरी ने दावा किया कि निशांत कुमार की इस दमदार उपस्थिति से यह साफ संदेश गया है कि भविष्य में जनता दल यूनाइटेड राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूत होने जा रही है।
उमेश कुशवाहा को तीसरी बार कमान; निशांत के नेतृत्व में बिहार भ्रमण की तैयारी
बैठक के बाद मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने बताया कि सांगठनिक चुनाव के तहत उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार बिहार जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा एलान करते हुए कहा कि 'बिहार के विश्वकर्मा' नीतीश कुमार के कार्यों को हम जन-जन तक पहुंचाएंगे। मदन सहनी ने भविष्य की रणनीति साफ करते हुए कहा कि अब हम सभी नेता स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में भी काम करेंगे और उनके साथ पूरे बिहार का व्यापक भ्रमण कर संगठन को और धारदार बनाएंगे।
रंजन की रिपोर्ट