पटना में इस्कॉन द्वारा भव्य मैंगो फेस्टिवल का आयोजन, 8 टन आमों से सजा मंदिर
ISKCON Patna : इस्कॉन पटना में रविवार को भव्य मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विभिन्न किस्मों के आमों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान टीएमसी के को-चेयरमैन रमन मनोहर दास ने कहा कि आम फलों का राजा होने के साथ-साथ रस का भी प्रतीक है। भगवान अपने प्रेम और कृपा रस के माध्यम से संपूर्ण संसार को आनंदित और रससिक्त करते हैं।
वहीं, टीएमसी सदस्य राधापति चरण दास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सभी रसों के अधिष्ठाता हैं। वे प्रेम, भक्ति और समर्पण के माध्यम से मानव जीवन को सार्थक बनाने का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि इस्कॉन अपने सभी केंद्रों में इस उत्सव को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाता है।
मैंगो फेस्टिवल के तहत मंदिर को करीब 8 टन आमों और 20 से अधिक किस्मों के फलों से सजाया गया। प्राकृतिक सजावट के माध्यम से प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच आम महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर टीएमसी सदस्य वेणु विनोद दास सहित बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु मौजूद रहे।
वंदना की रिपोर्ट