Patna News: सेहत का संजीवनी मंत्र, पटना में विश्व होम्योपैथी दिवस पर फ्री हेल्थ कैंप, लोगों को मिला इलाज और सलाह
विश्व होम्योपैथी दिवस के मौके पर पटना के विद्युत बोर्ड कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पार्क में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
Patna News: विश्व होम्योपैथी दिवस के मौके पर पटना में सेहत और जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। यह दिन होम्योपैथी के जनक Samuel Hahnemann की जयंती के रूप में हर साल 10 अप्रैल को मनाया जाता है, जहां समान दवा समान रोग को ठीक करती है के उसूल को बढ़ावा दिया जाता है।
इसी कड़ी में पटना के विद्युत बोर्ड कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पार्क में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन Simple Homeo Care द्वारा किया गया, जिसमें Thyrocare का सहयोग भी मिला।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मरीज पहुंचे, जहां उनकी मुफ्त ब्लड शुगर जांच की गई। इसके साथ ही अनुभवी चिकित्सकों ने लोगों को मुफ्त परामर्श देकर होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के फायदे और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का मकसद आम जनता को होम्योपैथी के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक सुरक्षित, सस्ती और प्रभावी इलाज पद्धति से परिचित कराना है। खासकर ऐसे लोग, जो नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते, उनके लिए यह शिविर बेहद फायदेमंद साबित हुआ।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए एक बड़ी राहत की तरह होते हैं। यहां न सिर्फ जांच की सुविधा मिली, बल्कि डॉक्टरों से सीधे बातचीत कर जरूरी सलाह भी प्राप्त हुई।
इस दौरान डॉक्टरों ने लोगों को संतुलित आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की नसीहत दी। पटना में आयोजित यह शिविर न सिर्फ सेहत की जांच का माध्यम बना, बल्कि लोगों को बेहतर जीवनशैली की ओर प्रेरित करने वाला कदम भी साबित हुआ।