73 साल के हुए पूर्व विस अध्यक्ष और नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, सामाजिक व व्यावसायिक संगठनों ने दी बधाई
नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव का 73वां जन्मदिन 26 अगस्त को पटना सिटी स्थित अरोड़ा हाउस परिसर के शांति श्री भवन में अत्यंत हर्षोल्लास से मनाया गया। मौके पर उपस्थित लोगों ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन की कामना की...
Patna : बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष और नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव का 73वां जन्मदिन 26 अगस्त को पटना सिटी स्थित हाजीगंज, अरोड़ा हाउस परिसर के शांति श्री भवन में अत्यंत हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन 'श्री नंदकिशोर यादव फैंस एसोसिएशन' के तत्वावधान में किया गया, जहां सुबह से ही उन्हें बधाई देने वालों का जमावड़ा लगा रहा।
विभिन्न संगठनों और गणमान्य हस्तियों ने भेंट किए पुष्पगुच्छ व प्रतीक चिह्न
इस विशेष अवसर पर पटना सिटी और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा स्मृति प्रतीक चिह्न भेंटकर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगल कामना की।
'जनता का प्रेम और सम्मान मेरे लिए नई ऊर्जा का स्रोत': नंदकिशोर यादव
समारोह में उपस्थित लोगों के अपार स्नेह से अभिभूत होकर महामहिम राज्यपाल श्री नंदकिशोर यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "आप सभी का यह प्रेम, सम्मान और अपनापन मेरे लिए बेहद अमूल्य है। अपने लंबे जनसेवा के सफर में मुझे हमेशा समाज के हर वर्ग से जो स्नेह मिला है, वही मुझे निरंतर समाज हित में कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।"
आयोजन में प्रमुख नेताओं और पार्षदों की रही सराहनीय भूमिका
जन्मोत्सव समारोह को सफल और भव्य बनाने में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा, भाजपा प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्रा तथा वाणिज्य मंच के प्रदेश सह संयोजक नितिन कुमार की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने उनके सार्वजनिक जीवन व जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
राजनीतिक और सामाजिक जगत के दिग्गज रहे मौजूद
समारोह में पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, भाजपा प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक कुमार, कार्यालय मंत्री विनय केसरी, मीडिया प्रभारी प्रदीप काश, अधिवक्ता नवीन सिन्हा, संतोष मेहता, पार्षद किरण मेहता, नीलम देवी, संध्या यादव, गायत्री देवी, मुन्ना जायसवाल, विनोद कुमार, अंजली राय और सुनीता देवी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वहीं जदयू की ओर से पटना महानगर प्रवक्ता अनंत अरेड़ा, राजकुमार पटेल, पूनम मेहता और चुन्नू चंद्रवंशी ने भी राज्यपाल को जन्मदिन की बधाई दी।
रजनीश की रिपोर्ट