भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, पटना से बिहारशरीफ लौटने के दौरान हुआ हादसा

प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। तेज रफ्तार के कारण मौत की खबर मिलना आम बात हो गई। ताजा मामला पटना के फतुहा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बाइक सवार पिता-पुत्र की सड़क दुर्घटना मे मौत हो गई है.....

भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत,
सड़क दुर्घटना मे पिता-पुत्र की मौत- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक और मर्माहत करने वाली खबर सामने आई है। पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। 


बिहारशरीफ के राणाबीघा के रहने वाले थे मृतक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित दीपनगर थाना क्षेत्र के राणाबीघा गांव निवासी अरविंद प्रसाद आर्य और उनके पुत्र ज्ञान देव कुमार के रूप में हुई है। 


बताया जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र अपनी मोटरसाइकिल से पटना से वापस अपने घर बिहारशरीफ लौट रहे थे, तभी रास्ते में फतुहा के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना किस वाहन की टक्कर से हुई है। 


पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर फतुहा अस्पताल में रखवाया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पिता-पुत्र के शवों को अपने कब्जे में लेकर फतुहा अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही, हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है और उनके अस्पताल पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। 


रजनीश की रिपोर्ट