नाली और झाड़ियों में मिली पूर्व मंत्री की प्रतिमा! पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने खुद ढका कपड़ा,मुख्यमंत्री से की भव्य प्रतिमा की मांग

मखदूमपुर (जहानाबाद) में नाली और झाड़ियों के बीच 7 वर्षों से लावारिस पड़ी पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामाश्रय प्रसाद सिंह की प्रतिमा की उपेक्षा पर पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने चिंता जताई है। उन्होंने खुद प्रतिमा को ढककर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा

Jagdish Sharma letter to Bihar CM
पूर्व मंत्री की प्रतिमा की दुर्दशा पर CM को पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने लिखा पत्र - फोटो : Reporter

जहानाबाद के पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामाश्रय प्रसाद सिंह की प्रतिमा की दुर्दशा पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने अवगत कराया है कि मखदूमपुर प्रखंड मुख्यालय की एक गली में स्थित रैयती प्लॉट पर लगभग 7 वर्षों से पूर्व मंत्री की प्रतिमा झाड़ियों, नाली के पानी और गंदे गड्ढे में लावारिस हालत में रखी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।


मीडिया की खबर के बाद पूर्व सांसद ने स्वयं किया स्थलीय निरीक्षण

पूर्व सांसद ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने 10 अगस्त 2026 को स्वयं उस स्थान पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। वहां का दृश्य अत्यंत दुखद था; बिहार सरकार में लंबे समय तक मंत्री, विधायक और विधान पार्षद रहे एक मूर्धन्य नेता की प्रतिमा पर कोई आवरण तक नहीं था और वह घने जंगलों व गंदे पानी के बीच खुले में पड़ी हुई थी। इस दृश्य को देखकर उनका हृदय गहराई से व्यथित हुआ।


सम्मान स्वरूप पूर्व सांसद ने प्रतिमा को कपड़े से ढकवाया

प्रतिमा की इस उपेक्षा और अनादर को देखते हुए पूर्व सांसद जगदीश शर्मा ने तुरंत अपनी ओर से पहल की। उन्होंने मौके पर ही लगभग 5 से 7 मीटर सफेद कपड़ा मंगवाकर उस अननावृत प्रतिमा को ढकवाया, ताकि एक महान जननेता की प्रतिमा को इस तरह के अपमानजनक हालात से बचाया जा सके और उन्हें फौरी तौर पर उचित सम्मान दिया जा सके।


जहानाबाद में भव्य आदमकद प्रतिमा व राजकीय सम्मान की मांग

मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करते हुए पूर्व सांसद ने मांग की है कि राज्य सरकार जहानाबाद जिले में किसी उपयुक्त और प्रमुख स्थान का चयन करे। वहां या तो इस प्रतिमा को ससम्मान स्थापित किया जाए या फिर सरकार द्वारा स्वयं एक भव्य आदमकद प्रतिमा का निर्माण करवाकर उस महान आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।


शीघ्र प्रशासनिक कार्रवाई की अपील

अपने पत्र के साथ प्रतिमा की वर्तमान दुर्दशा को दर्शाती तस्वीरें संलग्न करते हुए जगदीश शर्मा ने मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार इस अत्यंत संवेदनशील विषय पर बिना किसी विलंब के शीघ्र और ठोस कदम उठाएगी, जिससे पूर्व मंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह के प्रति जनभावनाओं और सम्मान की रक्षा हो सके।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट