Bihar EOU Raid: बाप रे! धन्ना सेठ निकली डीपीओ, मैडम के संपत्ति-प्लॉट - बंगाल तक फैले जाल को जानकर हैरत में पड़े EOU के अधिकारी
Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध आर्थिक अपराध इकाई ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर दबिश दी है। ...
Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध आर्थिक अपराध इकाई ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर दबिश दी है। मंगलवार की सुबह किशनगंज और कटिहार में एक साथ शुरू हुई छापेमारी से प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई आय के ज्ञात स्रोतों से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की जा रही है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, कथित अनुपातहीन संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय से 87.49 प्रतिशत अधिक है। इस मामले में रूबी कुमारी और उनके पति के विरुद्ध आर्थिक अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
किशनगंज में कार्यालय और किराये के मकान की तलाशी
पटना से पहुंची EOU की 12 सदस्यीय टीम मंगलवार सुबह करीब सात बजे किशनगंज पहुंची। अधिकारियों ने DPO कार्यालय और लाइनपाड़ा स्थित किराये के मकान की तलाशी ली। कार्यालय में लगभग पांच घंटे तक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जमीन, वाहन, बैंक खातों, निवेश और वित्तीय लेन-देन से संबंधित अभिलेख खंगाले गए। EOU के डीएसपी राकेश कुमार के मुताबिक, जांच के दौरान जमीन और गाड़ियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। रूबी कुमारी से भी पूछताछ की गई है।
कटिहार में जमीन और पांच मंजिला मकान की जांच
जांच एजेंसी की कार्रवाई का दायरा कटिहार तक फैला हुआ है। यहां दो स्थानों पर टीम ने छापेमारी की है। प्रारंभिक पड़ताल में वर्ष 2018 से 2025 के बीच कटिहार में 11 स्थानों पर जमीन खरीदने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा लगभग दो कट्ठा जमीन पर पांच मंजिला मकान निर्माणाधीन होने की बात भी जांच के दायरे में है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा मौजा में जमीन होने की चर्चा के बीच एजेंसी संभावित बंगाल कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। कटिहार में आठ लाख रुपये नकद मिलने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पति रेलवे में सीनियर TTE, संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल
रूबी कुमारी जुलाई 2025 से किशनगंज में पदस्थापित हैं। इससे पहले वह कटिहार में तीन वर्षों तक और पूर्णिया में शिक्षा विभाग में DPO के रूप में काम कर चुकी हैं। उनके पति गौरव कुमार यादव उर्फ बंटी यादव कटिहार रेल मंडल में सीनियर TTE बताए गए हैं। उनके ससुर मुक्ति यादव मारवाड़ी पाठशाला से प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
जांच के बाद सामने आएगी संपत्ति की पूरी तस्वीर
EOU फिलहाल संपत्ति के दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और निवेश के स्रोतों की छानबीन कर रही है। छापेमारी का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा अभी जारी नहीं हुआ है। जांच पूरी होने के बाद जब्त अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।