DPO अजीत अमर के 4 ठिकानों पर EOU की रेड: ज्ञात आय से 72.35% अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
Patna : बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सहरसा के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थापित प्रोग्राम ऑफिसर (DPO) अजीत अमर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में कड़ी कार्रवाई की है। ईओयू ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए मुजफ्फरपुर के विशेष न्यायालय (निगरानी) से तलाशी वारंट प्राप्त कर सीवान, सहरसा और छपरा स्थित कुल 4 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
ज्ञात आय से 72.35% अधिक संपत्ति का खुलासा
ईओयू द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, फरवरी 2022 में राज्य सरकार की सेवा में आए अधिकारी अजीत अमर के खिलाफ अपनी ज्ञात आय से लगभग 72.35% अधिक परिसंपत्ति अर्जित करने के प्राथमिक साक्ष्य पाए गए हैं। लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल में उन्हें वेतन मद में करीब ₹38 लाख प्राप्त हुए, जबकि इस दौरान उनके द्वारा करोड़ों की चल-अचल संपत्ति अर्जित करने के सबूत मिले हैं।
पैतृक गांव में आलीशान मकान और 40 लाख के गहने
सीवान जिले के दरौंदा थाना अंतर्गत रैनी गांव स्थित उनके पैतृक जमीन पर एक भव्य व आलीशान मकान पाया गया है, जिसकी निर्माण व साज-सज्जा लागत का तकनीकी मूल्यांकन कराया जा रहा है। घर की तलाशी के दौरान लगभग ₹40.05 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पत्नी के नाम पर 6 बीघा जमीन, स्कॉर्पियो व एफजेड बाइक
छपरा स्थित सरकारी आवास की तलाशी में उनकी पत्नी पूजा कुमारी के नाम पर परसागढ़ मौजा (थाना-एकमा, जिला-सारण) में 23 मई 2025 को खरीदी गई 06 बीघा 09 कट्ठा 08 धूर जमीन के निबंधन दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा ₹15.34 लाख मूल्य की महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक गाड़ी, 01 यामाहा एफजेड बाइक और तनिष्क व अन्य ज्वेलर्स से ₹27 लाख के गहने खरीद की रसीदें भी बरामद हुई हैं।
विभागीय स्तर पर शिकंजा कसने की तैयारी
जांच में उनके और उनकी पत्नी के नाम पर 4 बैंक खाते और कई जगह निवेश के कागजात भी मिले हैं। ईओयू द्वारा इस जघन्य भ्रष्टाचार और कर्तव्य विचलन की विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी जा रही है, जिससे उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी तय मानी जा रही है।
अनिल की रिपोर्ट