Bihar News : मुहर्रम को लेकर ऊर्जा विभाग की एडवाइजरी, ताजिया जुलूस और अलम को बिजली तारों से रखें दूर, टोल फ्री नंबर 1912 किया जारी

Bihar News : बिहार के ऊर्जा विभाग ने मुहर्रम के पवित्र अवसर पर पूरे राज्य में सुरक्षित, निर्बाध और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Bihar News : मुहर्रम को लेकर ऊर्जा विभाग की एडवाइजरी, ताजिया
बिजली विभाग की तैयारी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : ऊर्जा विभाग ने मुहर्रम के अवसर पर सुरक्षित एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने आम नागरिकों, आयोजन समितियों एवं जुलूस में शामिल लोगों से अपील की है कि वे विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मुहर्रम मनाएं। एडवाइजरी में कहा गया है कि ताजिया जुलूस, अलम एवं अन्य ऊँची संरचनाओं को बिजली के तारों, खंभों तथा ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाकर ले जाया जाए। विद्युत लाइनों के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा अथवा जोखिम की सूचना नजदीकी कार्यालय में अधिकारियों को दें। किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या, तार टूटने, ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायत अथवा आपात स्थिति की सूचना टोल फ्री नंबर 1912 अथवा स्थानीय फ्यूज कॉल सेंटर को भी दी जा सकती है।

शांति समिति द्वारा निर्धारित रूट के अनुरूप मुहर्रम जुलूस के दौरान आवश्यकतानुसार संबंधित मार्गों पर विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश दिया गया। मुख्यालय एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अजय यादव (IAS) ने सभी विद्युत वितरण कंपनियों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए।

नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड  के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (IAS) एवं साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरव जोरवाल (IAS) द्वारा मुहर्रम के दौरान सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को जुलूस मार्गों, ताजिया स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विद्युत नेटवर्क का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आम नागरिकों से अपील है कि वे विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या की सूचना तुरंत विभाग को दें।

ऊर्जा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे टूटे हुए तारों, खुले विद्युत उपकरणों तथा विद्युत प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी विद्युत दुर्घटना की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। विभाग का उद्देश्य है कि मुहर्रम पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा सभी नागरिकों को सुरक्षित विद्युत सेवा उपलब्ध हो।