आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार! 20 साल बाद बिहार में नीतीश युग का अंत, सत्ता परिवर्तन तय

Bihar politics: MLC पद से इस्तीफा देने के फौरन बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से भी अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।...

Bihar CM May Quit After 20 Years Today
आज CM पद छोड़ेंगे नीतीश कुमार!- फोटो : reporter

Bihar politics: बिहार की सियासत आज एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ी है, जहां दो दशक तक सत्ता के शिखर पर काबिज रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अपनी कुर्सी को अलविदा कहने की दहलीज पर हैं। सियासी गलियारों में हलचल तेज है और हर जुबां पर एक ही सवाल क्या आज खत्म होगा नीतीश युग?

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार आज 30 मार्च 2026 को विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। वैधानिक उसूलों के तहत राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद 14 दिनों के भीतर पुराने सदन की कुर्सी छोड़ना लाजिमी होता है, और आज वही डेडलाइन है। यही वजह है कि आज का दिन बिहार की राजनीति में टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।

खबर यह भी है कि MLC पद से इस्तीफा देने के फौरन बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से भी अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह न सिर्फ एक सियासी बदलाव होगा, बल्कि बिहार की सत्ता में एक नए दौर का आगाज भी होगा।

जेडीयू-बीजेपी (NDA) गठबंधन के भीतर सत्ता हस्तांतरण को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कयासों का बाजार गर्म है और राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले जा रहे हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि नीतीश कुमार केंद्र की सियासत में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और राज्य की राजनीति में ‘मार्गदर्शक’ की भूमिका अदा करते रहेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी साफ किया है कि नियमों के मुताबिक संसद सदस्य बनने के बाद 14 दिनों के भीतर इस्तीफा देना अनिवार्य है। बीजेपी खेमे ने भी इस संवैधानिक प्रक्रिया को जायज ठहराया है।

अब सबकी निगाहें राजभवन पर टिकी हैं, जहां से किसी भी वक्त बड़ा एलान हो सकता है। बिहार की सियासत में यह लम्हा सिर्फ एक इस्तीफा नहीं, बल्कि एक युग के अंत और नए सियासी समीकरणों की शुरुआत का पैगाम है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नीतीश के बाद बिहार की राजनीति किस करवट बैठती है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार