Bihar Politics : पटना के बापू सभागार में पान महासम्मेलन की गूंज, तेजस्वी बोले- '1990 वाला दौर नहीं, अब उंगली दिखाओगे तो तोड़ दी जाएगी'

Bihar Politics : पटना में पान महासम्मेलन के वर्षगाँठ के बहाने आईपी गुप्ता ने शक्ति प्रदर्शन किया. इस मौके पर तेजस्वी ने कहा की अब 1990 वाला दौर नहीं, अब उंगली दिखाओगे तो तोड़ दी जाएगी'.....पढ़िए आगे

Bihar Politics : पटना के बापू सभागार में पान महासम्मेलन की ग
पान महासम्मेलन की वर्षगांठ - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना के बापू सभागार में रविवार को पान महासम्मेलन के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य वर्षगांठ मनाई गई। इस कार्यक्रम में महागठबंधन की जबरदस्त एकजुटता देखने को मिली, जिसमें राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और सीपीआई (ML) सांसद राजा राम सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान 'गर्व से कहो हम पान हैं' और 'आरक्षण दो वरना गद्दी छोड़ो' जैसे नारों से पूरा सभागार गूंज उठा।

आईपी गुप्ता का बड़ा ऐलान: "तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाकर रहेंगे"

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रमुख नेता आईपी गुप्ता ने सीधे तौर पर नीतीश-मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पान समाज अपना आरक्षण लेकर रहेगा। गुप्ता ने तेजस्वी यादव को बिहार का भविष्य का मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि पिछली बार स्ट्रांग रूम में छेड़छाड़ कर उन्हें सत्ता से दूर रखा गया, लेकिन अब आंदोलन होगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सरकार षड्यंत्र से चल रही है और अब तत्वा-पान समाज के लोग चार्टर प्लेन उड़ाने की ताकत रखते हैं।

तेजस्वी का तीखा हमला: "नीतीश जी के साथ मेरी सहानुभूति है"

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में लालू प्रसाद यादव के विचारों को दोहराते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य शोषितों और वंचितों को मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने वर्तमान सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "भाजपा ने नीतीश कुमार और जदयू को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, मुझे नीतीश जी के साथ सहानुभूति है।" उन्होंने चिराग पासवान का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने पहले उनका बंगला छीना, चाचा-भतीजे को लड़वाया और फिर पास बुला लिया—हनुमान जी ने तो ऐसा कभी नहीं किया था।

मशीन और तंत्र पर उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि महागठबंधन को 1 करोड़ 90 लाख वोट मिले, लेकिन मशीन के दोष और धन-तंत्र के खेल के कारण उन्हें हार मिली। उन्होंने कहा, "हमारी ताकत कम नहीं हुई है। आज बिहार में बिजली महंगी हो गई है और युवाओं को ठगा जा रहा है।" उन्होंने वादा किया कि यदि समाज एक कदम चलेगा, तो वे उनके हक के लिए दस कदम आगे चलेंगे। तेजस्वी ने TRE-4 अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किए जाने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया।

बदलाव का संकल्प और भविष्य की रणनीति

महासम्मेलन के अंत में यह संकल्प लिया गया कि पान समाज पूरी मजबूती के साथ तेजस्वी यादव के साथ खड़ा है। वक्ताओं ने कहा कि जब तक आरक्षण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। तेजस्वी ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अब वह समय बीत गया जब गरीबों को खटिया पर बैठने नहीं दिया जाता था। अब 1990 का राज्य नहीं है अभी उंगली दिखाओगे तो तोड़ भी दिया जाएगा। कहा की आज का युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और किसी भी दबंगई का जवाब देना जानता है। इस आयोजन ने बिहार की आगामी राजनीतिक दिशा और समीकरणों को स्पष्ट संकेत दे दिए हैं।

नरोत्तम की रिपोर्ट