गोवा में आयोजित हुआ 'विकास सम्मेलन 2026', 2047 तक विकसित बिहार का संकल्प

गोवा के वास्को द गामा स्थित रवींद्र भवन में 'विकसित बिहार–विकसित भारत 2047' विषय पर बिहार विकास सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। 'लेट्स इंस्पायर बिहार' की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 2047 तक विकसित बिहार का संकल्प लिया गया...

गोवा में आयोजित हुआ 'विकास सम्मेलन 2026', 2047 तक विकसित बिह
गोवा में आयोजित हुआ 'विकास सम्मेलन 2026'- फोटो : रिपोर्टर

Patna : 'लेट्स इंस्पायर बिहार' (LIB) की ओर से रविवार को गोवा के वास्को द गामा स्थित रवींद्र भवन में 'विकसित बिहार–विकसित भारत 2047' विषय पर बिहार विकास सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बिहार, गोवा और देश-विदेश से आए नीति-निर्माताओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों, पेशेवरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत 500 से अधिक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक बिहार को एक विकसित और समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए एक सामूहिक और प्रभावी रोडमैप तैयार करना था।


खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने नागरिक भागीदारी पर दिया जोर 

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए केवल सरकारी प्रयास ही काफी नहीं हैं, बल्कि इसमें आम नागरिकों, उद्यमियों, पेशेवरों और प्रवासी बिहारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, उद्यमिता, कौशल विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों का सृजन ही विकसित बिहार की सबसे मजबूत आधारशिला बनेगा।


सामाजिक एकता, स्टार्टअप और गार्गी पाठशाला से बदलेगी बिहार की तस्वीर: विकास वैभव अभियान के संस्थापक एवं आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने बताया कि इस अभियान से देश-विदेश में करीब चार लाख लोग स्वेच्छा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तेज आर्थिक वृद्धि और सामाजिक एकता जरूरी है। उन्होंने घोषणा की कि LIB से 600 स्टार्टअप जुड़े हैं और लक्ष्य है कि 2028 तक बिहार के हर जिले में कम से कम एक ऐसा स्टार्टअप खड़ा किया जाए जो 100 से अधिक लोगों को रोजगार दे। इसके अलावा 20 जिलों में 42 'गार्गी पाठशालाओं' के जरिए महिला सशक्तिकरण का काम चल रहा है।


चार प्रमुख सत्रों में गहन विमर्श, देश-विदेश से पहुंचे प्रवासी बिहारी 

सम्मेलन के दौरान उद्यमिता, बिहार की संस्कृति और पहचान, 'बिहार @ 2047' तथा 'LIB मातृशक्ति @ 2047' विषय पर चार प्रमुख सत्रों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में वास्को के विधायक कृष्णा दाजी सालकर, सुलभ इंटरनेशनल की नित्या पाठक, वरिष्ठ पत्रकार कन्हैया भेलारी और नमिता शरण समेत कई दिग्गजों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से आए प्रवासी बिहारियों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि अपनी मातृभूमि के विकास को लेकर प्रवासी समाज पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


विभूतियों को 'बिहार प्रेरणास्रोत सम्मान', पुस्तक विमोचन और काव्य पाठ संपन्न 

समारोह के दौरान समाज और देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को 'बिहार प्रेरणास्रोत सम्मान' से नवाजा गया। सम्मानित होने वालों में अजीत कुमार आईआरएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, सौम्या आईपीएस, डॉ. लक्ष्य कुमार झा और सरफराज आलम प्रमुख रहे। इसके साथ ही पुस्तक विमोचन और काव्य पाठ का आयोजन भी किया गया। राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अनूप नारायण सिंह ने बताया कि गोवा सम्मेलन ने विकास की इस यात्रा में प्रवासियों की भूमिका को और मजबूत किया है।