बिहार मे कई IAS अधिकारियों के विभाग में बदलाव, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

आज मंगलवार को बिहार सरकार द्वारा जहां बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण में बदलाव किया गया था, वहीं अब कई आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है...

बिहार मे कई IAS अधिकारियों के विभाग में बदलाव, सामान्य प्रशा

Patna : बिहार प्रशासनिक महकमे में फेर बदल का सिलसिला जारी है। आज मंगलवार को राज्य सरकार द्वारा जहां बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण में बदलाव किया गया था, वहीं अब कई आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना संख्या-12641 के अनुसार, पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले आगामी उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर नए प्रभार सौंपे गए हैं।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल अतिरिक्त प्रभार से मुक्त

जारी आदेश के तहत, वर्ष 2007 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, जो वर्तमान में निर्वाचन विभाग के सचिव-सह-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, को उनके अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। बांकीपुर उपचुनाव की प्रासंगिक निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने तक उन्हें शिक्षा विभाग के सचिव और खेल विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि वे पूरी तरह चुनाव प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।


राजीव रौशन को सौंपा गया शिक्षा और खेल विभाग का अतिरिक्त जिम्मा

अधिसूचना के अनुसार, विनोद सिंह गुंजियाल को प्रभार मुक्त किए जाने के बाद अब इन विभागों की जिम्मेदारी वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव रौशन को सौंपी गई है। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत राजीव रौशन अब चुनाव अवधि की समाप्ति होने तक अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ शिक्षा विभाग के सचिव और खेल विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार का भी निर्वहन करेंगे। 


भविष्य निधि निदेशालय में मुकेश कुमार का पदस्थापन आदेश जारी

विभाग द्वारा जारी एक अन्य अधिसूचना संख्या-12642 के माध्यम से भविष्य निधि निदेशालय में नए निदेशक की नियुक्ति की प्रक्रिया स्पष्ट की गई है। इसके तहत वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मुकेश कुमार, जो वर्तमान में गया के बंदोबस्त पदाधिकारी हैं, को भविष्य निधि निदेशालय, बिहार, पटना के निदेशक पद पर पदस्थापित किया गया है। यह आदेश भविष्य निधि निदेशालय के वर्तमान निदेशक (2013 बैच के आईएएस अधिकारी) जय प्रकाश सिंह की 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्ति के बाद, 01 सितंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा।


गया में फिलहाल बंदोबस्त पदाधिकारी बने रहेंगे मुकेश कुमार

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य निधि निदेशालय में नया पदभार ग्रहण करने से पूर्व, यानी 31 अगस्त 2026 तक, मुकेश कुमार पूर्ववत गया के बंदोबस्त पदाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। बिहार के राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र की प्रतिलिपि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, मुख्य सचिव कार्यालय, महालेखाकार, और सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक सूचना व अनुपालन हेतु प्रेषित कर दी गई है।