Darbhanga AIIMS: दरभंगा AIIMS का रास्ता हुआ साफ! नीतीश-मोदी का बड़ा तोहफा, केंद्र ने 2006 करोड़ की राशि को दी मंजूरी
Darbhanga AIIMS: बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दरभंगा में प्रस्तावित एम्स निर्माण परियोजना को नई गति मिली है। केंद्र सरकार ने इस परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद कुल अनुमानित लागत बढ़कर 2006.07 करोड़ रुपये हो गई है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने इस फैसले पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संशोधित लागत को मंजूरी मिलने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और यह परियोजना जल्द धरातल पर आकार लेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में राज्य का स्वास्थ्य ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है। पहले ही केंद्र सरकार द्वारा एम्स निर्माण की स्वीकृति बिहारवासियों के लिए बड़ी सौगात थी, और अब अतिरिक्त बजट मिलने से परियोजना को और गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि दरभंगा के शोभन बाईपास के पास बन रहा यह एम्स उत्तर-पूर्वी बिहार के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। इससे न केवल लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज मिलेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मंगल पांडे ने कहा कि यह परियोजना राज्य की आर्थिक समृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी और एक स्वस्थ एवं विकसित बिहार के निर्माण में सहायक होगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।