60 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को सहारा: सीएम सम्राट चौधरी ने सौंपा 37.50 करोड़ का 'पुलिस सैलरी पैकेज'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले 60 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को वित्तीय सहायता प्रदान की।स अवसर बिहार के DGP विनय कुमार और ADG संजय सिंह सहितगृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारीगण शामिल थे।
बिहार पुलिस मुख्यालय के सभागार में गुरुवार (21 मई 2026) को एक विशेष और भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले 60 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को वित्तीय सहायता प्रदान की। इसके साथ ही, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का शिकार होकर दिव्यांग हुए 1 पुलिसकर्मी को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा की 'पुलिस सैलरी पैकेज' योजना के तहत कुल 37 करोड़ 50 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि के चेक लाभार्थियों को सौंपे।
भावुक क्षण: मुख्यमंत्री ने जाना परिवारों का हाल, गृह विभाग के आला अफसर रहे मौजूद
चेक वितरण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पुलिस परिवारों से मिलकर काफी संवेदनशील नजर आए और उन्होंने आश्रितों को हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिया। इस गरिमामयी अवसर पर प्रशासनिक और पुलिस महकमे के कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक संजय सिंह सहित गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारीगण शामिल थे।

बैंक ऑफ बड़ौदा के शीर्ष अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
पुलिस सैलरी पैकेज के तहत दी गई इस वित्तीय सहायता के अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा की टीम भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रही। बैंक की ओर से महाप्रबंधक एवं बिहार प्रमुख श्री सुब्रत कुमार स्वाईं, और उप महाप्रबंधक श्री नलिन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पुलिसकर्मियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

अब तक 151 पुलिस परिवारों को मिल चुकी है करीब 80 करोड़ की सहायता
बिहार पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत राज्य सरकार और बैंक के समन्वय से पुलिसकर्मियों के परिवारों को लगातार संबल दिया जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, इस कल्याणकारी पैकेज के अंतर्गत अब तक कुल 151 पुलिसकर्मियों के आश्रितों और परिजनों को कुल 79 करोड़ 95 लाख रुपये (लगभग 80 करोड़ रुपये) की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है, जिससे संकट की घड़ी में इन परिवारों को बहुत बड़ा आर्थिक सहारा मिला है।

पुलिस कल्याण सर्वोपरि, आश्रितों को अनुकंपा लाभ देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि पुलिसकर्मी समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं। उनके इस सर्वोच्च बलिदान और सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि इन परिवारों के सदस्यों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी और अन्य लंबित लाभों को बिना किसी प्रशासनिक देरी के जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए।