सीएम सम्राट चौधरी का पटना को बड़ा तोहफा: 286 करोड़ की विकास योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना के ऐतिहासिक गौरव को आधुनिक विकास से जोड़ने के लिए एक बड़ी सौगात दी है।पटना में 11.44 करोड़ का 'वेस्ट टू वंडर' पार्क और आधुनिक सब्जी हाट बनेगा.....

सीएम सम्राट चौधरी का पटना को बड़ा तोहफा: 286 करोड़ की विकास
सीएम सम्राट चौधरी का पटना को बड़ा तोहफा- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग की बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने कुल 286 करोड़ रुपये की लागत वाली 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसके तहत 239 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 114 योजनाओं का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया गया, जबकि 47 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'समृद्ध बिहार' के संकल्प के अनुरूप काम कर रही है.


पटना में बनेगा 11.44 करोड़ का 'वेस्ट टू वंडर' पार्क और आधुनिक सब्जी हाट

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना देश के सबसे प्राचीन और गौरवशाली शहरों में से एक है और इसके आधुनिकीकरण के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं. अमृत 2.0 योजना के तहत 11.44 करोड़ रुपये की लागत से 'वेस्ट टू वंडर' थीम पर आधारित लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क का शिलान्यास किया गया है, जिसमें उनकी जीवनी भी चित्रित की जाएगी. यह पार्क पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा केंद्र बनेगा. इसके साथ ही, पटना को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. नागरिकों को बेहतर बाजार सुविधाएं प्रदान करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से पूरे शहर में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप 'सब्जी हाट योजना' भी लागू की जाएगी.


सीवरेज नेटवर्क का विस्तार और रोजगार के लिए 250 नई दुकानें

शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई 'नमामि गंगे परियोजना' के अंतर्गत पटना के अधिकाधिक घरों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. इससे गंगा नदी की स्वच्छता के साथ शहरी स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा. इसके अतिरिक्त, शहरी सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए पटना स्मार्ट सिटी के तहत रिवर फ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, जे०पी० गंगा पथ तथा वन विभाग द्वारा ग्रीन एरिया डेवलपमेंट, पार्किंग, गार्डन एवं वॉकिंग पाथ का भी उद्घाटन किया गया है. नागरिकों के रोजगार और आय में वृद्धि के लिए पटना स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आधुनिक डिजाइन की 50 दुकानों का शिलान्यास और 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन किया गया, जिससे रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे.


66,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी विशाल 'पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप'

भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने एक बेहद महत्वाकांक्षी घोषणा की. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पटना में 66,000 एकड़ क्षेत्र में 'पाटलिपुत्र' नाम से एक विशाल आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी. इस टाउनशिप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, व्यावसायिक एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इन दूरदर्शी विकास योजनाओं के माध्यम से पटना न केवल आधुनिक शहरी विकास का एक नया मॉडल बनेगा, बल्कि अपने ऐतिहासिक गौरव और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा. सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक शहर को विकास, स्वच्छता और सुशासन का आदर्श केंद्र बनाना है.


गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ भव्य कार्यक्रम

इस विशेष कार्यक्रम को नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने भी संबोधित किया. समारोह के अवसर पर विधायक रत्नेश कुमार, विधायक संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेश परासर, बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक नीलेश रामचन्द्र देवरे तथा नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

वंदना की रिपोर्ट